NEWS PR डेस्क: पटना, 13 जून। शिक्षा, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं के मुद्दे को लेकर कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अगले महीने पटना में छात्रों और युवाओं से संवाद करेंगे। भारतीय युवा कांग्रेस के तत्वावधान में 11 जुलाई को आयोजित होने वाले ‘छात्र सम्मेलन’ में राहुल गांधी छात्रों, प्रतियोगी परीक्षार्थियों और युवाओं को संबोधित करेंगे।
युवा कांग्रेस की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार यह सम्मेलन शिक्षा व्यवस्था में सुधार, भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और युवाओं के रोजगार जैसे मुद्दों पर केंद्रित रहेगा। कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों की समस्याओं और मांगों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने की रणनीति बनाई गई है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि हाल के वर्षों में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और परीक्षा संबंधी अनियमितताओं के मामलों ने छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है। ऐसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के लिए राहुल गांधी देशभर में छात्रों के बीच पहुंच रहे हैं। पटना सम्मेलन में नीट समेत अन्य प्रवेश और भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों, परीक्षा प्रणाली में सुधार तथा रोजगार के नए अवसर सृजित करने जैसे विषयों पर चर्चा होगी।

राहुल गांधी का यह अभियान देश के कई प्रमुख शहरों में आयोजित किया जा रहा है। इसकी शुरुआत 17 जून को राजस्थान के कोटा से होगी, जिसके बाद 10 जुलाई को इलाहाबाद, 11 जुलाई को पटना और 14 जुलाई को दिल्ली में छात्र सम्मेलन प्रस्तावित है।
बिहार में कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस और युवा कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी का दावा है कि राज्य के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में छात्र, युवा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी सम्मेलन में भाग लेंगे।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बिहार विधानसभा चुनाव से पहले युवाओं और छात्रों के मुद्दों को लेकर राहुल गांधी का यह कार्यक्रम राज्य की राजनीति में भी अहम संदेश दे सकता है। ऐसे में पटना में होने वाला छात्र सम्मेलन राजनीतिक और सामाजिक दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
