बांकीपुर नतीजों के बाद RJD में सियासी संग्राम, भाई वीरेंद्र और शक्ति यादव आमने-सामने

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : बांकीपुर उपचुनाव में करारी हार के बाद राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के अंदर सियासी हलचल तेज हो गई है। चुनावी नतीजों के बाद पार्टी के नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। RJD विधायक भाई वीरेंद्र और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता शक्ति यादव के बीच बयानबाजी अब खुलकर सामने आ गई है, जिससे पार्टी के अंदर चल रही खींचतान की चर्चा तेज हो गई है।

बता दें कि विवाद की शुरुआत भाई वीरेंद्र के उस बयान से हुई, जिसमें उन्होंने तेजस्वी यादव के करीबी लोगों पर निशाना साधते हुए कहा था कि पार्टी को ऐसे लोगों से दूरी बनाने की जरूरत है, जो नेतृत्व को नुकसान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया था कि कुछ लोग तेजस्वी यादव के नाम का इस्तेमाल निजी फायदे के लिए कर रहे हैं।
दोनों नेताओं के बीच जुबानी विवाद और तेज
भाई वीरेंद्र के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए RJD प्रवक्ता शक्ति यादव ने पलटवार किया। उन्होंने सवाल उठाया कि पहले भाई वीरेंद्र को यह बताना चाहिए कि उन्होंने पार्टी के लिए अब तक क्या योगदान दिया है। शक्ति यादव के इस बयान के बाद दोनों नेताओं के बीच जुबानी विवाद और तेज हो गया।
भाई वीरेंद्र ने दी तीखी प्रतिक्रिया
वहीं शक्ति यादव की टिप्पणी से नाराज भाई वीरेंद्र ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, ‘खामोश… जो बोल रहा है, वह खामोश रहे। उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से राजनीति में सक्रिय हैं और जब शक्ति यादव राजनीति में नहीं आए थे, तब से वह पार्टी के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में कभी RJD का साथ नहीं छोड़ा। उन्होंने कहा कि उनका एकमात्र लक्ष्य तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाना है।
जवाब देना मुश्किल हो जाएगा..
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग पार्टी नेतृत्व के करीब होने का फायदा उठाकर निजी हित साधने में लगे हैं, जिससे संगठन कमजोर हो रहा है। पार्टी प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव के बयान पर नाराजगी जताते हुए भाई वीरेंद्र ने कहा कि कुछ लोग अपनी सीमा में रहें। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उन्होंने बोलना शुरू किया तो कई ऐसे तथ्य सामने आएंगे, जिनका जवाब देना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने दावा किया कि वह लंबे समय से राजनीति में सक्रिय हैं और उन लोगों के राजनीतिक सफर तथा गतिविधियों से अच्छी तरह परिचित हैं।
जदयू नेता श्याम रजक ने साधा निशाना
इधर, RJD में बढ़ती बयानबाजी को लेकर जदयू नेता श्याम रजक ने भी निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पार्टी के अंदर का विवाद अभी शुरुआती दौर में है और आगे और भी राजनीतिक उठापटक देखने को मिल सकती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आने वाले दिनों में RJD का आंतरिक संघर्ष और तेज हो सकता है।
गौरतलब है कि बांकीपुर उपचुनाव में RJD को बड़ा झटका लगा है। इस सीट पर जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को 19 हजार से अधिक वोटों के अंतर से हराकर जीत हासिल की। वहीं RJD की उम्मीदवार रेखा गुप्ता चुनावी मुकाबले में प्रभाव नहीं छोड़ सकीं और उन्हें 14,273 वोट ही मिले।

Share This Article