श्रावणी मेला से पहले रेलवे अलर्ट, सुल्तानगंज स्टेशन का एडीआरएम ने लिया जायजा

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: श्रावणी मेला-2026 को लेकर रेलवे ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को मालदा मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) अमरेंद्र कुमार मौर्य ने रेलवे अधिकारियों के साथ भागलपुर जिले के सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया और मेला की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान एडीआरएम ने स्टेशन परिसर, यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई और कांवड़ियों के लिए किए जा रहे इंतजामों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रावणी मेला शुरू होने से पहले सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
मीडिया से बातचीत में एडीआरएम अमरेंद्र कुमार मौर्य ने बताया कि श्रावणी मेला के दौरान लाखों कांवड़ियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके लिए रेलवे स्टेशन पर व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि स्टेशन परिसर में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, अतिरिक्त आरपीएफ और जीआरपी की तैनाती, कांवड़ियों के ठहरने की व्यवस्था, शुद्ध भोजन की उपलब्धता तथा स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर की व्यवस्था की जाएगी।
एडीआरएम ने यह भी जानकारी दी कि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुल्तानगंज से देवघर के बीच 6 जोड़ी मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा, ताकि कांवड़ियों को सुगम और सुरक्षित यात्रा की सुविधा मिल सके। निरीक्षण के दौरान स्टेशन मास्टर गिरिश कुमार गुप्ता, रेलवे के विभिन्न विभागों के अधिकारी, आरपीएफ एवं जीआरपी के जवान भी मौजूद रहे। भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट

Share This Article