पटना सहित बिहार के कई जिलों में 8 मई को आए तेज आंधी-तूफान के बाद उत्पन्न स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव कार्य 09 मई को भी निरंतर युद्धस्तर पर जारी है। आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह के निर्देश पर जिला प्रशासन, नगर निगम एवं वन विभाग की टीमें SDRF के साथ मिलकर प्रभावित क्षेत्रों में तेजी से कार्य कर रही हैं।

राज्य सरकार के निर्देशानुसार राहत कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है। माननीय मंत्री आपदा प्रबंधन विभाग रत्नेश सदा एवं मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत स्वयं स्थिति की नियमित समीक्षा कर रहे हैं तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान कर रहे हैं।
प्रमुख प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई
गायघाट, कंकड़बाग, हार्डिंग रोड, हज भवन, सचिवालय, गर्दनीबाग, 96 ऑफिसर्स एनक्लेव, हवाई अड्डा, बेली रोड, पुनाईचक, नेहरू पार्क, पटना म्यूजियम एवं आसपास के क्षेत्रों में पेड़ गिरने और अवरोधों को हटाने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। नगर निगम एवं वन विभाग की टीमें लगातार सड़कों को साफ कर यातायात बहाल करने में जुटी हैं।

प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। नागरिकों से अनुरोध है कि वे केवल आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें तथा आपदा प्रबंधन विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।प्रशासन का लक्ष्य प्रभावित क्षेत्रों में शीघ्र से शीघ्र जनजीवन को सामान्य करना है। राहत एवं पुनर्स्थापना कार्यों में सभी संबंधित विभाग पूरी तत्परता से जुटे हुए हैं। वहीं किसी भी आपातकालीन स्थिति में नागरिक निम्न हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:📞 0612-2294204 / 205, 📞 आपातकालीन सहायता नंबर: 1070