NEWS PR डेस्क: बिहार की सियासत में बयानबाजी का दौर तेज हो गया है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के वरिष्ठ विधायक भाई वीरेंद्र ने बुधवार को JDU, बिहार सरकार और कई दूसरे राजनीतिक मुद्दों को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला। JDU में चल रही अंदरूनी खींचतान पर उन्होंने दावा किया कि पार्टी में अब बड़ा संकट खड़ा हो चुका है। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को भी अभी स्थिति संभाल लेने की नसीहत दी।
भाई वीरेंद्र ने JDU के मौजूदा हालात पर कहा कि “आग लग चुकी है और किसी ने उसमें पलीता लगा दिया है और अब JDU पार्टी नाम की कोई चीज रहने वाली नहीं है” उन्होंने दावा किया कि पार्टी के भीतर ऐसा राजनीतिक खेल चल रहा है, जिसका असर आने वाले दिनों में दिखाई देगा।
राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के तीन विधायकों के टूटने के सवाल पर उन्होंने पार्टी प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा पर भी निशाना साधा। भाई वीरेंद्र ने आरोप लगाया कि राजनीतिक अवसर मिलने पर उपेंद्र कुशवाहा ने परिवार के सदस्यों को आगे बढ़ाया और इसी वजह से पार्टी के विधायकों व कार्यकर्ताओं में नाराजगी है।
पटना स्नातक सीट से JDU प्रत्याशी नीरज कुमार को लेकर प्रशांत किशोर के बयान पर भी भाई वीरेंद्र ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को चुनौती स्वीकार करते हुए नीरज कुमार के समर्थन में वीडियो जारी कर वोट की अपील करनी चाहिए।
सरकार के खजाने पर उठाए सवाल
भाई वीरेंद्र ने बिहार सरकार की वित्तीय स्थिति पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि “सरकार का खजाना खाली है।” उन्होंने कहा कि उन्हें अभी तक वेतन नहीं मिला है और बुधवार को बैंक जाने पर पता चला कि वेतन खाते में नहीं आया है। स्वास्थ्य विभाग में कथित डस्टबिन खरीद मामले को लेकर उन्होंने सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि 500 रुपये का डस्टबिन 15 हजार रुपये में खरीदा गया और मामले की व्यापक जांच की मांग की।
बाढ़ पीड़ितों को 7 हजार रुपये की सहायता राशि देने के फैसले पर भी RJD विधायक ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि इतनी राशि से पीड़ित परिवारों की जरूरतें पूरी नहीं होंगी और RJD ने कम से कम 25 हजार रुपये की सहायता की मांग की थी। वहीं, महागठबंधन के आक्रोश मार्च और तेजस्वी यादव के प्रस्तावित लोकभवन मार्च को लेकर भी भाई वीरेंद्र ने सरकार और BJP पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष लोकतंत्र के मुद्दे पर अपना आंदोलन जारी रखेगा और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ भी विरोध जारी रहेगा।
RJD विधायक भाई वीरेंद्र के निशाने पर JDU,उपेंद्र कुशवाहा से लेकर नीतीश सरकार पर बरसे