शराबबंदी पर राजद एमएलसी का तंज, बोले- ‘भगवान की तरह है शराब, दिखती नहीं लेकिन हर जगह मिलती है’

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: सारण जिले के मढ़ौरा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए सुनील सिंह ने सरकार की नीतियों और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राज्य में बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं को लेकर लोग लगातार परेशान हैं, लेकिन उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में अपेक्षित प्रयास नहीं हो रहे हैं।

इस दौरान बिहार में लागू शराबबंदी कानून को लेकर राजद विधान पार्षद सुनील कुमार सिंह ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि शराबबंदी केवल कागजों तक सीमित रह गई है और जमीनी हकीकत कुछ और ही है। अपने बयान में उन्होंने कहा कि बिहार में शराब भगवान जैसी हो गई जो दिखती तो कहीं नहीं है लेकिन बिकती हर जगह है।

सहकारिता नेता वकील प्रसाद यादव की पुण्यतिथि कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे एमएलसी ने कहा कि आम जनता की बुनियादी जरूरतों की लगातार अनदेखी की जा रही है। इससे लोगों में असंतोष बढ़ रहा है और सरकार के प्रति नाराजगी भी दिखाई दे रही है।

शराबबंदी कानून पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि अवैध शराब का कारोबार अब भी जारी है। उनका आरोप था कि पुलिस और प्रशासन का बड़ा हिस्सा शराबबंदी से जुड़े मामलों में उलझा रहता है, जिसके कारण अन्य आपराधिक और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा पाता।

सुनील सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे कार्यकर्ताओं के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रहेगा और प्रशासन को लोगों की परेशानियों के प्रति जवाबदेह बनना होगा।

Share This Article