पश्चिम चंपारण जिले के बगहा-1 प्रखंड के खैरटवा में चंपारण तटबंध टूटने से बाढ़ का पानी आसपास के इलाकों में फैल गया है। मंगलवार को पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने क्षतिग्रस्त तटबंध का निरीक्षण किया और बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने सरकार और विभागीय व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों और अभियंताओं पर कार्रवाई की मांग की। सांसद ने प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता भी दी।
बगहा 1 प्रखंड के खैरटवा में चंपारण तटबंध तीन स्थानों पर टूटने के बाद ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। सांसद पप्पू यादव ने मौके पर पहुंचकर तटबंध की स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों से बातचीत कर बाढ़ से हुए नुकसान की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि हर वर्ष एंटी एरोजन और फ्लड फाइटिंग के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाते हैं, बावजूद इसके तटबंध टूटने की घटनाएं सामने आ रही हैं।
सांसद ने वर्ष 2024 और 2026 में तटबंध टूटने की उच्चस्तरीय जांच कराने और जिम्मेदार अभियंताओं व अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने तटबंधों की सुरक्षा के लिए गाइड बांध और ठोकर निर्माण तथा नदी में जमा गाद की समस्या के स्थायी समाधान की जरूरत बताई।
पप्पू यादव ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में पर्याप्त नाव, मेडिकल सुविधा और,
कम्युनिटी किचन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही वाल्मीकिनगर-बगहा क्षेत्र को राष्ट्रीय आपदा क्षेत्र घोषित करने, प्रभावित किसानों का पांच वर्ष का ऋण माफ करने और फसल सहित अन्य क्षति का उचित मुआवजा देने की मांग उठाई। उन्होंने ड्रोन और एआई तकनीक से नुकसान का सर्वे कराने की बात भी कही।
पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट ;-