खगड़िया में सम्राट चौधरी का दौरा: मां कात्यायनी मंदिर में पूजा, सड़क और पुल परियोजनाओं की समीक्षा

आस्था के साथ विकास पर फोकस, खगड़िया में मुख्यमंत्री का बड़ा निरीक्षण दौरा

Rashmi Tiwari
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

पटना, :मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सोमवार को खगड़िया जिले के चौथम प्रखंड स्थित मां कात्यायनी मंदिर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने पूजा-अर्चना के पश्चात् कात्यायनी मंदिर में चल रहे जीर्णोद्धार एवं सौंदर्याकरण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पर्यटन विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री को साइट मैप के माध्यम से कार्य योजना की जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि मां कात्यायनी मंदिर के दर्शन करनेवाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को सुविधा प्रदान करने हेतु जिन संरचनाओं का निर्माण किया जा रहा है उसे बेहतर ढंग से और तेजी से पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि मंदिर आनेवाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं का बेहतर ढंग से ख्याल रखें। मुख्यमंत्री को मंदिर समिति द्वारा प्रतीक चिह्न एवं चुनरी भेंटकर स्वागत किया गया।

इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने खगड़िया-सहरसा पथ (एस०एच०- 95) के उन्नयन, चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि इस योजना को गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य करते हुए 31 दिसम्बर 2026 तक पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाय। यह पथ खगड़िया और सहरसा जिला को जोड़ती है। इस पथ के निर्माण से खगड़िया और सहरसा की दूरी 90 कि०मी० से कम होकर केवल 55 कि०मी० रह जाएगी। इस परियोजना के तहत पथ की लंबाई 28.08 कि०मी० है।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →


इस पथ के संरेखण में चार नदियां बागमती, कात्यायनी, मृत कोसी एवं कोसी पर वृहत पुल नहीं रहने के कारण बदलाघाट बांध (कि०मी० 7.3) से फन्गो हॉल्ट (कि०मी० 14.125) तक 6.82 कि०मी० में रहनेवाले लोगों को सीधा संपर्क सड़क उपलब्ध नहीं है,जिससे लोगों को खगड़िया, सहरसा, मधेपुरा एवं सुपौल जाने में लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। परियोजना पूरा होने पर इस क्षेत्र के लोगों को काफी फायदा होगा। इस पथ के पूरा हो जाने से मां कात्यायनी मंदिर का भी सीधा संपर्क स्थापित हो जाएगा। साथ ही इस क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन और स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक की
इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने सुल्तानगंज (भागलपुर जिला) एवं अगुवानी घाट (खगड़िया जिला) के बीच गंगा नदी पर पहुंचे पथ निर्माण कार्य एवं उच्चस्तरीय आर०सी०सी० पुल का हवाई सर्वेक्षण किया और फिर स्थलीय निरीक्षण भी किया और निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के पश्चात् मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक की और कहा कि इस पुल एवं पहुंच पथ का गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्माण कार्य 2027 तक निश्चित रूप से पूर्ण करें। इस सेतु के बनने से क्षेत्रीय एवं अंतर्राज्यीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि उत्तरी बिहार एवं दक्षिणी बिहार का आपस में कनेक्टिविटी बेहतर होगा। देवघर स्थित बाबा वैद्यनाथ धाम में भगवान शिव पर जलाभिषेक करने के लिए जो श्रद्धालु सुल्तानगंज से जल उठाते हैं उन्हें भी आवागमन में सुविधा होगी और समय की बचत होगी।
किसानों द्वारा उत्पादित फसलों के आयात-निर्यात में सहूलियत
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस क्षेत्र में किसानों द्वारा उत्पादित फसलों के आयात-निर्यात में सहूलियत होगी जिसका लाभ किसानों को सीधा मिलेगा। उन्होंने कहा कि एप्रोच पथ पर ठीक ढंग से वृक्षारोपण कराएं। पुल के एप्रोच पथ पर प्रकाश की बेहतर सुविधा हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सभी लोगों की सुविधा का ख्याल रख रही है। विकास के कई कार्य किए जा रहे हैं। बिहार को समृद्ध बनाने के लिए हमलोग कृत संकल्पित हैं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सड़क मार्ग से जाने के क्रम में जगह-जगह पर भारी संख्या में लोग उपस्थित थे और सभी लोगों ने मुख्यमंत्री का उत्साहपूर्वक फूल-माला पहनाकर एवं पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने सभी लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और उनका कुशलक्षेम पूछा।
वरीय अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, विधायक पन्नालाल पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, पर्यटन विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह, मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ० चंद्रशेखर सिंह, बिहार राज्य पथ विकास निगम के प्रबंध निदेशक शीर्षत कपिल अशोक, बेगूसराय प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक शैलेश कुमार, खगड़िया के जिलाधिकारी नवीन कुमार, पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार सहित वरीय अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article