NEWS PR डेस्क : सुपौल: जिले के पिपरा नगर पंचायत के वार्ड नंबर-03 में देर रात शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते कई घर इसकी चपेट में आ गए। हादसे में दो परिवारों की लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। वहीं, आग की चपेट में आने से दो पशुओं की मौत हो गई, जबकि एक भैंस बुरी तरह झुलस गई।
कई घरों को आग ने लिया अपनी चपेट में
बताया जा रहा है कि आग से गजानंद कामत और राजनंदन कामत के घरों को भारी नुकसान पहुंचा है। गजानंद कामत की एक छोटी भैंस आग में जलकर मर गई, जबकि दूसरी भैंस बुरी तरह झुलस गई। वहीं, अंजना देवी के घर में बंधी एक खस्सी और एक बकरी भी आग की चपेट में आ गईं और दोनों की जलकर मौत हो गई।
बिजली का तार टूटकर पटसन के सठी पर गिरा
पीड़िता अंजना देवी के मुताबिक, घटना रात करीब साढ़े नौ बजे की है। वह उस समय घर से बाहर निकली थीं। इसी दौरान बिजली के पोल से एक तार टूटकर नीचे गिर गया और बाहर रखे पटसन के सठी पर जा गिरा। इसके बाद वहां आग लग गई और देखते ही देखते आग ने घर को अपनी चपेट में ले लिया।
बच्चों को सुरक्षित निकाला, पशुओं को नहीं बचा सके
आग लगने के बाद परिजनों ने किसी तरह घर में मौजूद बच्चों को बाहर निकालकर सुरक्षित किया, हालांकि घर में बंधे पशुओं को समय रहते बाहर नहीं निकाला जा सका। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के करीब चार-पांच घर भी इसकी चपेट में आ गए। आग में घर में रखा खाने-पीने का सामान, जेवरात, नकदी और अन्य घरेलू सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। घटना में दोनों परिवारों को लाखों रुपये के नुकसान का सामना करना पड़ा है।
ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। उनकी तत्परता के कारण आसपास के अन्य घरों को भीषण आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। हादसे के बाद पीड़ित परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर पीड़ित परिवारों को उचित सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
सुपौल से रिपोर्टर : अल्ताफ राजा