भागलपुर जिले के सुलतानगंज थाना क्षेत्र के तरेटा गांव के समीप स्थित एक पोखर में नहाने के दौरान 6 बच्चों के डूबने की सूचना मिली है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
पोखर में नहाने के दौरान हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि बच्चे पोखर में नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान अचानक सभी के डूबने की सूचना सामने आई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर ग्रामीणों को जानकारी दी। देखते ही देखते पोखर के आसपास लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
बच्चों की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलने के बाद ग्रामीणों ने अपने स्तर से बच्चों की खोजबीन शुरू कर दी है। पोखर में डूबे बच्चों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। स्थानीय लोग पानी में उतरकर बच्चों की तलाश कर रहे हैं। हादसे की सूचना पुलिस और प्रशासन को भी दी गई है।
घटना के बाद तरेटा गांव में मातम का माहौल है। बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन और ग्रामीण बेसब्री से बच्चों के मिलने का इंतजार कर रहे हैं।
प्रशासनिक टीम के पहुंचने का इंतजार
स्थानीय लोगों की भीड़ पोखर के आसपास जमा है और लगातार बच्चों की तलाश की जा रही है। ग्रामीणों की कोशिश है कि जल्द से जल्द सभी बच्चों को पानी से बाहर निकाला जा सके। प्रशासन और बचाव दल के पहुंचने के बाद तलाशी अभियान को और तेज किए जाने की उम्मीद है।
फिलहाल सबसे बड़ी चिंता बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने की है। घटना से जुड़ी अन्य जानकारी और बच्चों की स्थिति का अपडेट प्रशासनिक कार्रवाई के बाद सामने आएगा।
भागलपुर से श्यामानंद सिंह,की रिपोर्ट ;–