NEWS PR डेस्क: गया जी, 06 अप्रैल। बिहार के गया जिले में ट्रेनों पर पत्थरबाज़ी की दो अलग-अलग घटनाओं ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शनिवार देर रात मानपुर रेलवे स्टेशन के पास एक यात्री द्वारा गुस्से में आकर ट्रेन के इंजन पर पत्थर फेंकने का मामला सामने आया है, जिससे इंजन का लुकिंग ग्लास क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के अनुसार, रामपुरहाट-गया पैसेंजर ट्रेन मानपुर स्टेशन के समीप करीब डेढ़ घंटे तक खड़ी रही। उसी दौरान राजधानी एक्सप्रेस के गुजरने के कारण पैसेंजर ट्रेन को रोका गया था। लंबे इंतजार से नाराज़ एक यात्री ने गुस्से में आकर इंजन पर पत्थर फेंक दिया, जिससे कांच टूट गया।
वहीं दूसरी घटना में पटना से सिंगरौली जा रही एक एक्सप्रेस ट्रेन के एसी कोच का शीशा टूटा पाया गया। जब ट्रेन गुरारू रेलवे स्टेशन के पास रुकी, तब यात्रियों और रेलवे कर्मियों ने कोच का टूटा हुआ शीशा देखा। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि पत्थरबाज़ी कहां हुई।
दोनों घटनाओं को लेकर रेलवे पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। लगातार हो रही ऐसी घटनाएं यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा रही हैं और रेलवे प्रशासन के लिए चुनौती बनती जा रही हैं।