NEWS PR डेस्क: गोपालगंज,13 जुलाई। बिहार के गोपालगंज जिले में आर्म्स एक्ट से जुड़े एक मामले में मोकामा के विधायक अनंत सिंह और भोजपुरी गायक गुंजन सिंह ने सोमवार को सिविल कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। दोनों के अदालत पहुंचने की सूचना मिलते ही कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।
गोपालगंज के मीरगंज थाना में 2 और 3 मई को आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज मामले में अदालत ने दोनों को पेश होने के लिए कहा था। निर्धारित प्रक्रिया के तहत अनंत सिंह और गुंजन सिंह अपने समर्थकों के साथ कोर्ट पहुंचे और न्यायालय के समक्ष सरेंडर किया।

दोनों के अदालत पहुंचने के दौरान कोर्ट परिसर में काफी हलचल रही। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने पूरे परिसर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
फिलहाल मामले की सुनवाई न्यायालय में जारी है। अब सबकी निगाह अदालत के आदेश पर टिकी है कि दोनों को जमानत मिलती है या फिर न्यायिक हिरासत में भेजा जाता है।
गौरतलब है कि यह मामला मई में गोपालगंज के मीरगंज थाना में दर्ज किया गया था। पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू की थी। उसी मामले में सोमवार को दोनों ने अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण किया।
