NEWS PR डेस्क: पटना, 10 जुलाई। बिहार में नई एनडीए सरकार के गठन के बाद शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सरकार के कामकाज की समीक्षा, संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में एनडीए के सभी पांचों घटक दलों के शीर्ष नेताओं ने भाग लिया। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी, जदयू प्रदेश अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इसके अलावा राज्य सरकार के सभी मंत्री और गठबंधन दलों के सभी जिलाध्यक्षों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था।

बैठक में हाल के राजनीतिक घटनाक्रम, सरकार की प्राथमिकताओं और संगठनात्मक समन्वय को लेकर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही आने वाले चुनावों को देखते हुए एनडीए के सभी घटक दलों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
बैठक के बाद जदयू एमएलसी संजय गांधी ने कहा कि गठबंधन और पार्टी के भीतर किसी प्रकार की नाराजगी नहीं है। उन्होंने कहा कि संगठन में पद समय के अनुसार मिलते हैं और सभी कार्यकर्ता पार्टी के साथ मजबूती से जुड़े हुए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के अब तक के कार्यों की सराहना करते हुए विकास की गति बनाए रखने का भरोसा जताया है।
वहीं, मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सरकार और संगठन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने का प्रयास कर रहे हैं। इसी उद्देश्य से सभी जिलाध्यक्षों और मंत्रियों को बैठक में बुलाया गया, ताकि जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की समस्याओं और सुझावों को सीधे सुना जा सके।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में गठबंधन दलों के बीच बेहतर समन्वय का सकारात्मक परिणाम मिला था और भविष्य के चुनावों में भी इसी रणनीति के साथ एनडीए आगे बढ़ेगा। बैठक में संगठन को और मजबूत बनाने तथा सरकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने पर भी सहमति बनी।
