सुपौल में ट्रैक्टर विवाद बना खूनी संघर्ष, युवक पर धारदार हथियार से हमला, हालत गंभीर

सुपौल में ट्रैक्टर विवाद ने लिया हिंसक रूप, युवक गंभीर घायल

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क:सुपौल जिले में ट्रैक्टर को लेकर शुरू हुआ आपसी विवाद खूनी हिंसा में बदल गया। मलहनी सुखपुरा पंचायत में एक 20 वर्षीय युवक पर कथित तौर पर 15 से 20 लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। युवक के दोनों हाथों और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। घायल की पहचान वार्ड संख्या-17, सोलनी निवासी नीतीश कुमार (20 वर्ष), पिता राम बहादुर यादव के रूप में हुई है।


ट्रैक्टर चालक को बुलाने गया था युवक
परिजनों के अनुसार, नीतीश कुमार अपने पिता के कहने पर ट्रैक्टर चालक को बुलाने गया था। वापस लौटने के दौरान पहले से घात लगाए बैठे करीब 15 से 20 लोगों ने उसे घेर लिया और धारदार दबिया से हमला कर दिया। हमले में उसके दोनों हाथों और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि हमलावरों ने उसकी साइकिल भी खेत में फेंक दी।
सदर अस्पताल से किया गया रेफर
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को सदर अस्पताल, सुपौल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दरभंगा रेफर कर दिया। बाद में उसे अनंत प्रेरणा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि हमले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश में जुटी है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।सुपौल से अल्ताफ राजा की रिपोर्ट

Share This Article