गांधी मैदान में आज शपथ ग्रहण, निशांत कुमार पर सबकी नजर

सम्राट सरकार का बड़ा विस्तार, NDA में नए समीकरण की तैयारी

Rashmi Tiwari

बिहार की राजनीति में आज बड़ा दिन है। राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की कैबिनेट का विस्तार होने जा रहा है। शपथ ग्रहण समारोह को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि नई सरकार में किन चेहरों को मंत्री पद की जिम्मेदारी मिलेगी।


देर रात तक चला फोन कॉल का दौर
सूत्रों के मुताबिक देर रात कई विधायकों और नेताओं को फोन कर शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने की सूचना दी गई। भाजपा और जदयू दोनों अपने-अपने कोटे से फिलहाल एक-एक सीट खाली रख सकते हैं। जानकारी के अनुसार भाजपा के 14 और जदयू के 13 नेता मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। इसके बाद मुख्यमंत्री समेत मंत्रिपरिषद की कुल संख्या 34 तक पहुंचने की संभावना है।


भाजपा कोटे से इन नामों की चर्चा
भाजपा की ओर से जिन नेताओं के नाम सबसे अधिक चर्चा में हैं, उनमें राम कृपाल यादव, नीतीश मिश्रा, विजय कुमार सिन्हा , दिलीप जायसवाल, प्रमोद चंद्रवंशी, लखविंदर पासवान, संजय टाइगर, इंजीनियर कुमार शैलेन्द्र, नंद किशोर राम और अरुण शंकर प्रसाद समेत कई नेताओं के नाम शामिल बताए जा रहे हैं।
जदयू खेमे में निशांत कुमार की सबसे ज्यादा चर्चा
वहीं जदयू की ओर से सबसे ज्यादा चर्चा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को लेकर हो रही है। सूत्रों के अनुसार उन्हें भी शपथ ग्रहण समारोह के लिए सूचना भेजी गई है। जदयू की संभावित सूची में श्रवण कुमार, मदन सहनी , लेसी सिंह, श्वेता गुप्ता, भगवान सिंह कुशवाहा, दामोदर रावत, बुलो मंडल, सुनील कुमार, शीला मंडल, रत्नेश सदा, जमा खान और अशोक चौधरी के नाम शामिल बताए जा रहे हैं।
सहयोगी दलों को भी मिल सकती है जगह
एनडीए के सहयोगी दलों को भी मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व मिलने की संभावना है। एलजेपी (रामविलास) की ओर से संजय पासवान और संजय सिंह के नाम चर्चा में हैं। वहीं हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा से संतोष सुमन और आरएलएम से दीपक प्रकाश को मंत्री बनाए जाने की संभावना जताई जा रही है।
गांधी मैदान में भव्य आयोजन की तैयारी
बता दें कि शपथ ग्रहण समारोह को भव्य बनाने के लिए गांधी मैदान में बड़े स्तर पर तैयारियां की गई हैं। समारोह में एनडीए के कई वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में समर्थकों के पहुंचने की संभावना है। सुरक्षा, ट्रैफिक और आम लोगों की सुविधाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।

Share This Article