दून एक्सप्रेस से 102 जिंदा कछुओं की बड़ी खेप बरामद, वन विभाग को सौंपे गए
गयाजी रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने आपरेशन विलेप के तहत वन्यजीव तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। गया जंक्शन पर गश्त के दौरान आरपीएफ की संयुक्त टीम ने दून एक्सप्रेस से 102 जिंदा कछुओं को बरामद किया, जिन्हें सुरक्षित रूप से वन विभाग को सौंप दिया गया। बरामद कछुओं की अनुमानित कीमत लगभग 51 लाख रुपये आंकी गई है। घटना गुरुवार की रात करीब 10:30 बजे की है। वरीय अधिकारियों के दिशा-निर्देशन में आरपीएफ पोस्ट गया के निरीक्षक प्रभारी बनारसी यादव एवं निरीक्षक चंदन कुमार (अपराध आसूचना शाखा/गया) के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन परिसर में अपराध नियंत्रण एवं निगरानी हेतु संयुक्त गश्त की जा रही थी। इसी दौरान प्लेटफार्म संख्या तीन पर खड़ी ट्रेन संख्या 13010 दून एक्सप्रेस के कोच एस-3 की जांच की गई।