NEWS PR डेस्क: पटना, 26 मई। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की पूर्व महिला प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष रितु जायसवाल ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया। पटना स्थित बीजेपी प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।
बीजेपी में शामिल होने के बाद रितु जायसवाल ने कहा, “कई पुराने वीडियो से मुझे ट्रॉल किया जाएगा, लेकिन मैं निडर हूं। जब मुझे परिहार सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ने का मौका मिला तो लोगों ने कहा बागी है। उस वक्त बागी परिहार की जनता हो चुकी थी। उन्हें रितु जायसवाल ही चाहिए थी। मुझे 65 हजार वोट मिले।”

उन्होंने बीजेपी में शामिल होने के फैसले को राष्ट्रहित से जोड़ते हुए कहा कि यह पार्टी देश को सर्वोपरि रखती है। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली और नेतृत्व की भी सराहना की। वहीं बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने तंज कसते हुए कहा, “अगर हमने अपने दरवाजे खोल दिए तो RJD की चौखट पर नेता नहीं दिखेंगे।”
रितु जायसवाल बिहार की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय रही हैं। उन्होंने अपना राजनीतिक सफर जदयू से शुरू किया था। वह RJD महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष रह चुकी हैं। साथ ही वर्ष 2021 से 2023 तक पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी भी संभाल चुकी हैं।

2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में RJD ने उन्हें परिहार सीट से उम्मीदवार बनाया था, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी ने उन्हें शिवहर सीट से मैदान में उतारा, जहां उन्हें करीब 4.47 लाख वोट मिले, लेकिन वह लवली आनंद से लगभग 29 हजार मतों से चुनाव हार गई थीं।
वर्ष 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में RJD ने परिहार सीट से उनका टिकट काट दिया था। पार्टी ने वहां से रामचंद्र पूर्वे की बहू को उम्मीदवार बनाया। इसके बाद रितु जायसवाल ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला किया। चुनाव में उन्होंने करीब 64 हजार वोट हासिल किए, जिसे राजनीतिक विश्लेषकों ने RJD प्रत्याशी की हार की बड़ी वजह माना।