NEWS PR डेस्क : – बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को हाईटेक बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। अब अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता से लेकर मरीजों की जांच, स्मार्ट एंबुलेंस और गंभीर बीमारियों की शुरुआती पहचान तक में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI की मदद लेने की योजना है। पटना में आयोजित ‘AI for Healthier Bihar’ कार्यशाला का उद्घाटन स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने किया। इस दौरान 25 इनोवेटर्स ने AI आधारित तकनीकों और नए समाधानों का प्रदर्शन किया।
दरअसल, बिहार सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल पर जोर दे रही है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री डिजिटल हेल्थ योजना के तहत तैयार डिजिटल व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से इस कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें 25 अलग-अलग इनोवेटर्स ने अपनी तकनीक और नवाचार प्रस्तुत किए। स्वास्थ्य मंत्री निशांत और विभाग के सचिव कुमार रवि ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण कर तकनीकों की जानकारी ली।
कार्यशाला में AI के जरिए दवा प्रबंधन, अस्पतालों में बेड की उपलब्धता, टेलीमेडिसिन, चिकित्सा उपकरणों और स्वास्थ्य संस्थानों की निगरानी को बेहतर बनाने पर चर्चा हुई। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं में हाई रिस्क की पहचान, गर्भस्थ शिशु की निगरानी, संक्रामक बीमारियों के संभावित प्रकोप का पूर्वानुमान और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की शुरुआती स्क्रीनिंग में AI के इस्तेमाल की संभावनाएं भी सामने आईं।
स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि AI तकनीक बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई दिशा दे सकती है। CT स्कैन, MRI, अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे जैसी जांचों के विश्लेषण में AI की मदद से टीबी, कैंसर और दूसरी गंभीर बीमारियों की शुरुआती पहचान में सहायता मिल सकती है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को भी डिजिटल तकनीक के जरिए विशेषज्ञ डॉक्टरों से जोड़ने की जरूरत है।