मायागंज अस्पताल में सुरक्षा कर्मियों की हड़ताल, वेतन वृद्धि की मांग को लेकर प्रदर्शन से बढ़ा तनाव

मायागंज अस्पताल में सुरक्षा कर्मियों की हड़ताल, वेतन वृद्धि की मांग को लेकर बढ़ा तनाव

Rashmi Tiwari

भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल मायागंज में सोमवार को अचानक सुरक्षा कर्मियों ने हड़ताल शुरू कर दी, जिससे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया। वेतन वृद्धि की मांग को लेकर बड़ी संख्या में सिक्योरिटी गार्ड अस्पताल परिसर में एकत्र हो गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान गार्डों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर आक्रोश जताया।


“लंबे समय से अनसुनी की जा रही मांग” — गार्ड
सुरक्षा कर्मियों का कहना है कि वेतन बढ़ाने की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक किसी भी स्तर पर सुनवाई नहीं हुई है। उनका कहना है कि मौजूदा वेतन में परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कई बार अधिकारियों को इस संबंध में अवगत कराया गया, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।


हड़ताल जारी रखने की चेतावनी
हड़ताल पर बैठे कर्मियों ने स्पष्ट कहा है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं की जातीं, तब तक वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे। घटना के दौरान खबर लिखे जाने तक अस्पताल प्रशासन या संबंधित विभाग का कोई अधिकारी प्रदर्शनकारियों से बातचीत करने नहीं पहुंचा था। अचानक हुई इस हड़ताल का असर अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी देखा जा रहा है।
भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट

Share This Article