NEWS PR डेस्क: गया: गुरुआ प्रखंड स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय चकजलपा में बच्चों की पढ़ाई से जुड़ी बदहाल व्यवस्था का मामला सामने आया है। स्कूल की तस्वीर और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिसमें शिक्षक ब्लैकबोर्ड के बजाय स्कूल के बंद दरवाजे पर लिखकर बच्चों को पढ़ाते नजर आ रहे हैं। इस स्थिति ने विद्यालय की बुनियादी सुविधाओं और शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ब्लैकबोर्ड की सुविधा नहीं होने का दावा
वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि शिक्षक बच्चों को पढ़ाने के लिए स्कूल के दरवाजे का इस्तेमाल कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि विद्यालय में पढ़ाई के लिए ब्लैकबोर्ड जैसी जरूरी सुविधा उपलब्ध नहीं है। ऐसे में बच्चों की नियमित पढ़ाई किस तरह संचालित की जा रही है, इसको लेकर सवाल उठ रहे हैं।
विद्यालय से सामने आई इस तस्वीर ने शिक्षा व्यवस्था की जमीनी हकीकत पर भी चर्चा शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के लिए स्कूल में जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।

बेंच और मध्याह्न भोजन को लेकर भी सवाल
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, विद्यालय में बच्चों के बैठने के लिए बेंच की सुविधा को लेकर भी परेशानी है। इसके अलावा मध्याह्न भोजन की व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं हालांकि, इन सभी दावों की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
स्कूल के निरीक्षण पर भी उठे सवाल
विद्यालय की व्यवस्था को लेकर शिक्षा विभाग के अधिकारियों के नियमित निरीक्षण पर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि स्कूल का समय-समय पर निरीक्षण किया जाता और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा होती, तो ब्लैकबोर्ड जैसी आवश्यक सुविधा की कमी पहले ही सामने आ सकती थी।
जांच के बाद होगी कार्रवाई: बीईओ
इस मामले में प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी जयशंकर सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने कहा कि मामला गंभीर है, लेकिन किन परिस्थितियों में शिक्षक को दरवाजे पर लिखकर पढ़ाना पड़ा, इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच के बाद यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित दोषी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
गया से रिपोर्टर: आशीष कुमार