अवैध रूप से संचालित अस्पतालों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई ,

Muskan Gupta


NEWS PR डेस्क :पश्चिम चंपारण जिले के रामनगर नगर क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों और क्लिनिकों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित टीम ने हॉस्पिटल रोड स्थित विभिन्न चिकित्सा संस्थानों में छापेमारी कर जांच की। कार्रवाई के दौरान तीन अस्पतालों को सील कर दिया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध रूप से क्लिनिक और अस्पताल संचालित करने वालों में हड़कंप मच गया है।

वैध कागजात नहीं मिलने पर कार्रवाई

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजेश कुशवाहा और प्रखंड विकास पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित टीम ने हॉस्पिटल रोड स्थित अस्पतालों और क्लिनिकों की जांच की। इस दौरान अस्पताल संचालन से संबंधित जरूरी दस्तावेज और रजिस्ट्रेशन के कागजात की जांच की गई।

जांच के क्रम में तीन संस्थानों के पास अस्पताल संचालन से संबंधित वैध रजिस्ट्रेशन के कागजात नहीं मिले। इसके बाद प्रशासन ने नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए तीनों संस्थानों को सील कर दिया।

तीन संस्थानों पर गिरी गाज

सील किए गए संस्थानों में हड्डी के डॉक्टर के रूप में बताए जाने वाले आरके गुप्ता का क्लिनिक, ए.के. सिंह द्वारा संचालित निदान हॉस्पिटल और डॉ. अफरोज आलम द्वारा संचालित नेहाल क्लिनिक शामिल हैं। प्रशासनिक टीम ने जांच के बाद इन तीनों संस्थानों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजेश कुशवाहा ने बताया कि अवैध रूप से संचालित अस्पतालों और क्लिनिकों के खिलाफ प्रशासन का अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि चिकित्सा संस्थानों के संचालन से संबंधित जरूरी दस्तावेजों की जांच की जाएगी और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद रामनगर क्षेत्र में बिना वैध कागजात के चिकित्सा संस्थान संचालित करने वालों के बीच हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट ;–

Share This Article