मुजफ्फरपुर में झाड़ी से मिला 55 वर्षीय अधेड़ का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका; जमीन और ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़े थे मृतक ,

Muskan Gupta


NEWS PR डेस्क :  मुजफ्फरपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में एक अधेड़ का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। गायघाट थाना क्षेत्र के मैठी टॉल प्लाजा के समीप गुरुवार की सुबह एनएच-27 किनारे झाड़ियों में 55 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद किया गया। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। वहीं, परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की जांच की मांग की है।

झाड़ियों में मिला अधेड़ का शव

मृतक की पहचान गायघाट थाना क्षेत्र के मैठी निवासी 55 वर्षीय कमलेश राय के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों की नजर एनएच-27 किनारे झाड़ियों में पड़े शव पर पड़ी। इसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही गायघाट थानाध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की।

जमीन और ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़े थे कमलेश राय

स्थानीय लोगों के मुताबिक, कमलेश राय जमीन की खरीद-बिक्री के कारोबार से जुड़े थे। इसके अलावा वह ट्रांसपोर्ट के कमीशन एजेंट के रूप में भी काम करते थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम पसर गया।

परिजनों ने शव मिलने की परिस्थितियों को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, अभी तक हत्या की पुष्टि नहीं हुई है और न ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सका है।

पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। शव के पोस्टमार्टम के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी। अब पुलिस की जांच में यह स्पष्ट होगा कि कमलेश राय की मौत हादसा है, हत्या है या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है।

मुजफ्फरपुर से रुपेश कुमार की रिपोर्ट ;-

Share This Article