सासाराम में युवती का अधजला शव मिलने से सनसनी, प्रेम प्रसंग में हत्या या आत्महत्या? जांच में जुटी पुलिस

प्रेम, विवाद या साजिश—जांच जारी है

Rashmi Tiwari

सासाराम। रोहतास जिले के करगहर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह धर्मावती नदी किनारे एक युवती का अधजला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान खनेठी गांव निवासी सुरेंद्र पासवान की करीब 20 वर्षीय पुत्री के रूप में हुई है। घटना को लेकर प्रेम प्रसंग, आत्महत्या और हत्या—तीनों एंगल से पुलिस जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि शनिवार रात युवती का पूरा परिवार एक शादी समारोह में गया हुआ था, जबकि युवती घर पर अकेली थी। इसी दौरान देर रात उसका भाई घर पहुंचा, जहां उसने बहन को एक युवक के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। इसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार युवक की पिटाई होते देख युवती ने कथित तौर पर घर के एक कमरे में जाकर फांसी लगा ली। हालांकि, परिवार का कहना है कि जब वे लोग घर लौटे तो युवती घर में नहीं मिली। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई और रविवार सुबह धर्मावती नदी किनारे उसका अधजला शव बरामद हुआ।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव का ऊपरी हिस्सा पूरी तरह जला हुआ पाया गया है, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है।परिजनों ने युवती की हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, घटना के बाद कथित प्रेमी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
सदर डीएसपी दो कुमार वैभव ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर धर्मावती नदी किनारे से युवती का अधजला शव बरामद किया गया है। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।
सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट

Share This Article