अमेरिका तक पहुंची बिहार की शादी की चर्चा! बहू के लिए बिहटा में बनवाया नया घर, सास बोलीं- बेटी बनाकर रखूंगी

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क:पटना: बिहार की एक शादी इन दिनों देश ही नहीं, बल्कि सात समंदर पार अमेरिका तक सुर्खियां बटोर रही है। शादी की चर्चा अमेरिकी टेलीविजन चैनलों तक पहुंच गई है। खास बात यह है कि होने वाली बहू के स्वागत के लिए परिवार ने पटना के बिहटा में नया घर बनवाया है। इसी घर में शादी के बाद दुल्हन शिवांगी सिंह पहली बार कदम रखेंगी। बुधवार को नए आशियाने में पूरे विधि-विधान के साथ गृह प्रवेश पूजा आयोजित की गई।
बिहटा में इन दिनों शादी की तैयारियां जोरों पर हैं। परिवार के सदस्य दिल्ली से पहुंचकर समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। परिवार चाहता है कि घर में आने वाली नई बेटी का स्वागत यादगार हो। इसी खुशी में नए मकान में गृह प्रवेश की पूजा कराई गई।
20 नवंबर से शुरू होंगी शादी की रस्में
परिवार के मुताबिक, शादी समारोह की शुरुआत 20 नवंबर से होगी। इस दिन पटना के दानापुर स्थित ऑर्गेनो बैंक्वेट हॉल में तिलक समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 25 नवंबर को बाढ़ के नदवां गांव में बारात पहुंचेगी, जहां विवाह संपन्न होगा। खास बात यह है कि बारात बिहटा स्थित इसी नए घर से निकलेगी। हल्दी समेत शादी की अन्य रस्में भी इसी घर में होंगी। विवाह के बाद शिवांगी का गृह प्रवेश भी इसी नए आशियाने में कराया जाएगा। कुछ दिन बिहटा में रहने के बाद नवदंपती परिवार के साथ अहमदाबाद चले जाएंगे।
अमेरिका तक पहुंची शादी की चर्चा
इस शादी की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अमेरिका, दुबई और दूसरे देशों में रहने वाले रिश्तेदारों, दोस्तों और सहयोगियों के फोन लगातार आ रहे हैं। परिवार के सदस्यों के मुताबिक, मीडिया में खबरें आने के बाद विदेशों में रहने वाले दोस्तों ने भी शादी में शामिल होने की इच्छा जताई है।
कुछ दोस्तों ने फोन कर मजाकिया अंदाज में पूछा कि शादी की खबर तो टीवी पर देख ली, अब शादी में बुलाओगे भी या नहीं? समारोह में देश-विदेश से मेहमानों के पहुंचने की उम्मीद है। वहीं, घोड़ा दौड़ भी शादी का खास आकर्षण रहेगा।

सास बोलीं- बहू नहीं, बेटी बनाकर रखूंगी
होने वाली सास आशा देवी अपनी बहू के स्वागत को लेकर बेहद उत्साहित हैं। उनका कहना है कि शिवांगी के घर आने से बेटी की कमी पूरी हो जाएगी। वह अपनी बहू को बहू नहीं, बल्कि बेटी बनाकर रखेंगी। फिलहाल पूरे परिवार को 25 नवंबर का इंतजार है। बिहटा में नए घर से शुरू हुई यह खुशियों की कहानी अब अमेरिका तक पहुंच चुकी है। अब देखना है कि इस खास शादी में देश-विदेश से कितने मेहमान शामिल होते हैं।पटना से पशुपतिनाथ शर्मा की रिपोर्ट

Share This Article