NEWS PR डेस्क:मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर में जाली नोटों के कारोबार का पुलिस ने खुलासा किया है। साहेबगंज थाना क्षेत्र के हुस्सेपुर जोड़ाकांही गांव में छापेमारी कर पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 500 रुपये के 28 नकली नोट बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत 14 हजार रुपये है। पुलिस को शक है कि इस कारोबार के पीछे एक संगठित गिरोह काम कर रहा है, जिसके तार नेपाल और बांग्लादेश से जुड़े हो सकते हैं।
20 हजार के जाली नोट लेकर पहुंचा था आरोपी
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार युवक साहेबगंज थाना क्षेत्र के मुशहरी का रहने वाला है। वह करीब 20 हजार रुपये के जाली नोट लेकर आया था। इनमें से छह हजार रुपये के नकली नोट बाजार में खपा चुका था, जबकि बाकी 14 हजार रुपये पुलिस ने बरामद कर लिए।11 नवंबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने पूरे मामले की जानकारी दी।
गुप्त सूचना पर हुई गिरफ्तारी
ग्रामीण एसपी ने बताया कि 10 नवंबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि हुस्सेपुर जोड़ाकांही गांव में एक व्यक्ति जाली नोटों का इस्तेमाल कर स्थानीय लोगों को भुगतान कर रहा है। सूचना का सत्यापन करने के बाद एसडीपीओ सरैया के नेतृत्व में साहेबगंज थाने की पुलिस ने छापेमारी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में साहेबगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
नेपाल और बांग्लादेश कनेक्शन की जांच
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने जाली नोटों की सप्लाई करने वाले कुछ अन्य लोगों के बारे में जानकारी दी है। पुलिस को आशंका है कि इस धंधे के पीछे संगठित नेटवर्क सक्रिय है। नेपाल और बांग्लादेश से जुड़े कुछ लोगों के संपर्क में होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, पुलिस अभी इन जानकारियों का सत्यापन कर रही है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जाली नोट कहां से लाए गए थे और बाजार में किन लोगों के माध्यम से खपाए जा रहे थे। आरोपी द्वारा बताए गए स्थानीय और दूसरे राज्यों के लोगों की भी पहचान की जा रही है। लिस अब इस बात की जांच कर रही है कि बाजार में खपाए गए छह हजार रुपये के जाली नोट किन लोगों तक पहुंचे और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन शामिल है। आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।