NEWS PR डेस्क : औरंगाबाद में मंगलवार अहले सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में आठ साल के मासूम बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई। नगर थाना क्षेत्र के रतनुआ पेट्रोल पंप के समीप स्कॉर्पियो और ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में स्कॉर्पियो सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।
एक ही परिवार के तीन लोगों की गई जान
मृतकों की पहचान नवादा जिले के पकड़ीबरावां थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी 48 वर्षीय राजकुमार चौहान, उनके आठ वर्षीय बेटे रितेश कुमार और राजकुमार के ससुर भगवान दास के रूप में हुई है। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है।
वहीं, घायलों में भगवान दास के बेटे नीतीश चौहान, उनकी बहन और राजकुमार चौहान की पत्नी किरण कुमारी के नाम सामने आए हैं। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गयाजी रेफर कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। अस्पताल में अपनों को खोने के बाद परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
औरंगबाद से रुपेश कुमार की रिपोर्ट ;-