पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में 80वें स्वतंत्रता दिवस का राजकीय समारोह पूरे उत्साह और देशभक्ति के माहौल में आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सुबह 9 बजे ध्वजारोहण किया। इससे पहले उन्होंने परेड की सलामी ली। मुख्यमंत्री बनने के बाद यह पहला मौका है, जब उन्होंने गांधी मैदान में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा फहराया।

समारोह के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से अलग-अलग थीम पर झांकियां प्रस्तुत की जा रही हैं। कुल 13 विभाग अपनी झांकियों के माध्यम से राज्य की उपलब्धियों और योजनाओं को प्रदर्शित करेंगे। वहीं, विधानसभा, विधान परिषद और विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यालयों में भी स्वतंत्रता दिवस के मौके पर ध्वजारोहण किया गया। भाजपा, राजद और कांग्रेस कार्यालयों में भी तिरंगा फहराया गया।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज हम स्वतंत्रता के 80वें वर्ष में प्रवेश कर रहे हैं। यह गौरवशाली अवसर हमें उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान का स्मरण कराता है, जिनके संघर्ष से हमें स्वतंत्र भारत मिला।’
स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर गांधी मैदान और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब 1500 जवानों की तैनाती की गई है। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए पूरे क्षेत्र की निगरानी की जा रही है। प्रशासन की ओर से यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, रोशनी और दर्शकों की सुविधा का भी विशेष इंतजाम किया गया है।