NEWS PR डेस्क: बिहार के रोहतास से जहां दिनारा थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ भलुनी भवानी देवी मंदिर में चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोर मंदिर से चांदी का मुकुट, सोने के आभूषण और कई अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि वारदात को अंजाम देने के बाद चोर मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए, ताकि उनकी पहचान करना मुश्किल हो सके।
मंदिर में चोरी से मचा हड़कंप
इस घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर परिसर और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। धार्मिक स्थल पर चोरी की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुटने लगे। श्रद्धालुओं में भी घटना को लेकर नाराजगी देखी जा रही है।
अधिकारियों ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
मामले की गंभीरता को देखते हुए बिक्रमगंज के एसडीएम और एसडीपीओ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया और घटना से जुड़ी जानकारी ली। पुलिस चोरी की वारदात के हर पहलू की जांच में जुट गई है।
DVR ले जाने से जांच में चुनौती
चोरों द्वारा सीसीटीवी का डीवीआर भी साथ ले जाने से पुलिस के सामने चुनौती बढ़ गई है। अब पुलिस अन्य संभावित साक्ष्यों और आसपास लगे कैमरों की फुटेज के आधार पर चोरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
चोरी गए सामान की पूरी कीमत और घटना में शामिल अपराधियों की संख्या का आकलन किया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
