पटना में आज ट्रैफिक अलर्ट: गांधी मैदान की ओर जाने वाले कई रास्ते बंद, सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम

Puja Srivastav
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क : 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह के मद्देनज़र पटना के गांधी मैदान में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं। सुबह 7 बजे से आसपास के इलाकों में वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। ट्रैफिक रूट में बदलाव किया गया है और पूरे क्षेत्र में 2000 से ज़्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।

बिहार की राजधानी पटना स्थित ऐतिहासिक गांधी मैदान में आज, 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस का मुख्य राजकीय समारोह संपन्न होगा। इस अवसर को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के साथ-साथ यातायात प्रबंधन के भी कड़े प्रबंध किए हैं। सुबह 7 बजे से लेकर कार्यक्रम समाप्त होने तक गांधी मैदान की दिशा में सामान्य और व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। वहीं एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड समेत अन्य आपातकालीन सेवाओं को इस व्यवस्था से बाहर रखा गया है।

डाकबंगला चौराहा से जेपी गोलंबर तक का रास्ता केवल राज्यपाल, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और अन्य वीआईपी अतिथियों के काफिले के लिए निर्धारित किया गया है। 26 जनवरी को डाकबंगला चौराहा से गांधी मैदान के चिल्ड्रन पार्क तक आम वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। साथ ही न्यू डाकबंगला रोड से एसपी वर्मा रोड की ओर जाने वाला मार्ग और बुद्ध मार्ग पर कोतवाली टी से पुलिस लाइन तक पूर्व दिशा में यातायात रोक दिया गया है।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

गणतंत्र दिवस के मद्देनज़र सार्वजनिक परिवहन के मार्गों में भी संशोधन किया गया है। इंजीनियरिंग कॉलेज की ओर से चलने वाली बसें अब गांधी चौराहा, मछुआटोली, दरियापुर तिराहा, नाला रोड और पीरमुहानी से गुजरते हुए पटना जंक्शन तक पहुंचेंगी। वहीं पटना जंक्शन से संचालित ऑटो और ई-रिक्शा डाकबंगला, न्यू डाकबंगला रोड और भट्टाचार्य चौक के रास्ते एग्जीबिशन रोड तक चलेंगे।

गांधी मैदान में प्रवेश के लिए अलग-अलग द्वार निर्धारित किए गए हैं। राज्यपाल, मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री गेट संख्या-1 से मैदान में प्रवेश करेंगे, जबकि अन्य विशिष्ट अतिथियों के लिए गेट संख्या-10 तय किया गया है। वहीं आम लोगों को गेट संख्या-6 और 7 के माध्यम से प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।

गांधी मैदान और इसके आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को बेहद मजबूत किया गया है। इस दौरान 136 दंडाधिकारियों के साथ 150 पुलिस अधिकारियों और लगभग 2000 पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। पूरे इलाके पर नजर रखने के लिए 128 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और 18 वॉच टावरों से निगरानी की जाएगी। किसी भी आपात स्थिति में लोगों से जिला नियंत्रण कक्ष या डायल 112 पर संपर्क करने की अपील की गई है।

गांधी मैदान में आयोजित परेड में कुल 21 टुकड़ियां हिस्सा लेंगी, वहीं 12 विभागों की ओर से जनहित से जुड़ी आकर्षक झांकियां भी प्रस्तुत की जाएंगी। आम दर्शकों के लिए गांधी मैदान में प्रवेश की व्यवस्था गेट संख्या 5, 6 और 7 से की गई है। जेपी गंगा पथ, अशोक राजपथ, गोलघर, मंदिरी, बुद्धा कॉलोनी और आसपास के मार्गों से आने वाले लोग गेट संख्या 5 (गांधी मैदान के उत्तरी हिस्से में श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल के सामने) और गेट संख्या 6 (गांधी मैदान के उत्तर-पूर्वी कोने में कारगिल चौक के पास) से आसानी से प्रवेश कर सकेंगे।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article