पटना में 22 जून से बदलेगी ट्रैफिक व्यवस्था, मेट्रो निर्माण के लिए नेहरू पथ की एक लेन होगी बंद

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना, 17 जून। मेट्रो परियोजना के तहत स्टेशन और ट्रैक निर्माण कार्य को गति देने के लिए 22 जून से नेहरू पथ पर यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया जाएगा। आयकर चौराहे से गोल्फ क्लब (पटेल भवन) की ओर जाने वाली सड़क की एक लेन को पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा, जिससे इस मार्ग पर यात्रा करने वाले लोगों को वैकल्पिक रूट का इस्तेमाल करना होगा।

नई व्यवस्था लागू करने से पहले ट्रैफिक पुलिस चरणबद्ध तरीके से इसका परीक्षण करेगी। पहला ट्रायल 20 जून को दिन के 11 बजे होगा, जबकि दूसरा परीक्षण 21 जून को व्यस्त समय (पीक आवर) में किया जाएगा। परीक्षण के दौरान यातायात दबाव और संभावित समस्याओं का आकलन कर आवश्यक सुधार किए जाएंगे।

ट्रैफिक एसपी (प्रभार) सतीश कुमार ने बताया कि मेट्रो निर्माण को ध्यान में रखते हुए नया ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। इसके तहत पटेल भवन से आयकर चौराहे की ओर आने वाली लेन पर केवल निजी वाहनों को अनुमति होगी। मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी।

नई व्यवस्था के अनुसार ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को जीपीओ से हार्डिंग रोड होते हुए दानापुर की दिशा में जाना होगा। वहीं गांधी मैदान और कुर्जी की ओर जाने वाले वाहनों के लिए अलग मार्ग निर्धारित किया गया है। ऑटो चालक इनकम टैक्स चौराहे से मंदिरी नाला मार्ग का भी उपयोग कर सकेंगे।

यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और नए ट्रैफिक पोस्ट भी बनाए जाएंगे। शनिवार को विशेष समन्वय अभियान के तहत ट्रैफिक अधिकारियों और ऑटो यूनियन प्रतिनिधियों की मौजूदगी में रूट का भौतिक परीक्षण किया जाएगा।

नई ट्रैफिक योजना को अंतिम रूप देने के लिए आयोजित बैठक में मेट्रो परियोजना के अधिकारियों, ट्रैफिक पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और विभिन्न ऑटो यूनियनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में यातायात संचालन, वैकल्पिक मार्गों और आम लोगों को होने वाली असुविधा को कम करने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।

मेट्रो निर्माण कार्य के चलते आने वाले दिनों में इस क्षेत्र में यातायात प्रभावित रहने की संभावना है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की है।

Share This Article