पटना समेत पूरे बिहार में बढ़ी तपिश, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

लू और उमस से बेहाल बिहार, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

Rashmi Tiwari

बिहार में एक बार फिर भीषण गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। राज्य के 9 जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। सबसे अधिक गर्मी रोहतास जिले में दर्ज की गई, जहां रविवार को पारा 44°C के करीब पहुंच गया। वहीं बक्सर, कैमूर और शेखपुरा में तापमान 42°C से ऊपर रिकॉर्ड किया गया।


राजधानी पटना में भी तेज धूप और उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। रविवार को पटना का अधिकतम तापमान 40.6°C दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने राज्य के 3 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी करते हुए लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।


अगले 5 दिन मौसम रहेगा साफ
मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक पटना समेत बिहार के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ बना रहेगा। आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी होने की संभावना है। हालांकि, 18 मई से 20 मई के बीच भागलपुर, पूर्णिया, सहरसा, सुपौल, कटिहार, अररिया, मुंगेर, खगड़िया, दरभंगा और मधुबनी जिलों में आंधी और भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। पटना में भी हल्के बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है।
पटना का तापमान 41°C तक पहुंचने के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक, 17 से 21 मई के बीच पटना का अधिकतम तापमान 38°C से 41°C के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 28°C से 30°C तक बना रहेगा। 19 मई को तापमान में हल्की गिरावट के साथ अधिकतम तापमान 38°C रहने का अनुमान है। 20 मई को तापमान फिर 39°C तक पहुंच सकता है। 21 मई को दोबारा 41°C तक गर्मी बढ़ने की संभावना है।
बारिश की गतिविधियां हुई कमजोर
बीते 24 घंटों में राज्य में बारिश की गतिविधियां काफी कमजोर रहीं। केवल कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। बिहार में अब तक कुल 122.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है, जबकि सामान्य तौर पर इस समय तक 50.6 मिमी बारिश होनी चाहिए थी। इस तरह राज्य में सामान्य से 143 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है। फिलहाल प्री-मानसून गतिविधियां कमजोर पड़ती नजर आ रही हैं।
सीमांचल में हुई सबसे ज्यादा बारिश
बारिश का असर मुख्य रूप से सीमांचल और उत्तर बिहार के कुछ हिस्सों में देखने को मिला। पूर्णिया के बैसा में सबसे अधिक 14.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा: अररिया के सिकटी में 12.4 मिमी,किशनगंज के पोठिया में 10.2 मिमी, ठाकुरगंज में 6 मिमी,बहादुरगंज में 2.6 मिमी,दिघलबैंक में 2.4 मिमी,कोचाधामन में 1.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग का कहना है कि इन इलाकों में हल्की बारिश से कुछ समय के लिए राहत जरूर मिली, लेकिन राज्य के अधिकांश हिस्सों में गर्मी का असर अभी भी बरकरार है।

Share This Article