NEWS PR डेस्क :– शेरघाटी अनुमंडल के डोभी थाना क्षेत्र के NH 19 पर पीपरघट्टी के समीप रविवार की सुबह अज्ञात वाहन की चपेट में आने से सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान पचरतन पंचायत के नेहुटा राजा बिगहा निवासी 35 वर्षीय कुंदन कुमार उर्फ भोला यादव के रूप में हुई है।
घटना रविवार की सुबह करीब पांच बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुंदन कुमार सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। हादसे में वाहन का पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया,
जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही डोभी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया भेज दिया।
पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और घटना की जांच में जुटी है !

स्वजनों ने बताया कि कुंदन कुमार अपने घर राजा बिगहा से रांची दवा लाने के लिए निकले थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
डोभी थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मृतक के स्वजनों को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शेरघाटी से राम प्रवेश कुमार की रिपोर्ट :—