NEWS PR डेस्क : छत्रपति संभाजीनगर : महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक मोबाइल फोन को लेकर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद पूरे परिवार के लिए जानलेवा साबित हुआ। 19 वर्षीय बेटे कुणाल चांदगुड़े की iPhone खरीदने और उसकी EMI भरने को लेकर घर में हुई बहस के बाद वह पहाड़ी पर चला गया। बेटे को समझाने और बचाने पहुंचे माता-पिता भी इस हादसे का शिकार हो गए। खवड़्या डोंगर की पहाड़ी से गिरने के कारण पिता मुरलीधर चांदगुड़े, मां संगीता और बेटे कुणाल, तीनों की मौत हो गई।
iPhone खरीदा, लेकिन EMI भरने के लिए मांगे पैसे
पुलिस जांच और सामने आई जानकारी के अनुसार, छत्रपति संभाजीनगर के झाल्टा फाटा इलाके में रहने वाले 19 वर्षीय कुणाल चांदगुड़े ने हाल ही में एक iPhone खरीदा था। फोन की EMI चुकाने के लिए उसने अपने परिवार से पैसे मांगे। इसी बात को लेकर उसकी पिता 48 वर्षीय मुरलीधर चांदगुड़े के साथ तीखी बहस हो गई।
बताया जा रहा है कि पिता की डांट और विवाद के बाद कुणाल घर से नाराज होकर निकल गया। सुबह करीब 10 बजे वह वालुज MIDC थाना क्षेत्र के तिसगांव स्थित खवड़्या डोंगर की पहाड़ी पर पहुंच गया।
बेटे को बचाने के लिए पहाड़ी पर पहुंचे माता-पिता
कुणाल के पहाड़ी पर पहुंचने की जानकारी मिलते ही उसके माता-पिता मुरलीधर और संगीता भी वहां पहुंच गए। बेटे की जान को लेकर चिंतित माता-पिता ने उसे समझाकर वापस घर ले जाने की कोशिश शुरू की। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं। कुणाल को पहाड़ी के किनारे से हटाने और सुरक्षित नीचे लाने के लिए करीब तीन घंटे तक लगातार प्रयास किए गए।
तीन घंटे तक समझाते रहे लोग, नहीं मानी कुणाल
मौके पर मौजूद लोगों ने कुणाल को लगातार समझाने की कोशिश की। उससे अपनी मां और परिवार के बारे में सोचने की अपील की गई। तिसगांव के पूर्व सरपंच संजय जाधव भी कुणाल को समझाने वालों में शामिल थे। रिपोर्ट के मुताबिक, कुणाल को मनाने के लिए कुछ लोगों ने उसे iPhone 15 Pro दिलाने तक की पेशकश की। इसके बावजूद वह अपनी जगह से हटने के लिए तैयार नहीं हुआ।
बेटे को खींचकर बचाने की कोशिश में पिता भी नीचे गिरे
करीब तीन घंटे तक चले बचाव अभियान के बाद दोपहर लगभग 1 बजे मुरलीधर अपने बेटे के करीब पहुंचे। उन्होंने कुणाल को पहाड़ी के किनारे से पीछे खींचकर सुरक्षित स्थान पर लाने की कोशिश की। इसी दौरान कुणाल पहाड़ी से नीचे गिर गया। बेटे को बचाने की कोशिश में पिता मुरलीधर का भी संतुलन बिगड़ गया और वह भी गहरी खाई में जा गिरे। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

पति और बेटे को गिरता देख मां भी खाई में गिरीं
पति और बेटे को पहाड़ी से गिरते देख कुणाल की मां संगीता भी कुछ ही देर बाद नीचे खाई में जा गिरीं। इस दर्दनाक घटना में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की जान चली गई।
पुलिस ने तीनों शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। मामले की जांच जारी है और पुलिस पारिवारिक विवाद से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
मौके पर जुटी पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम
कुणाल को बचाने के लिए पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों ने लंबे समय तक कोशिश की। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने पहाड़ी के नीचे सुरक्षा जाल लगाने का भी प्रयास किया, लेकिन कुणाल पहाड़ी के किनारे अपनी जगह बदलता रहा, जिससे बचाव अभियान बेहद मुश्किल हो गया। घटना के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और पर्यटक भी वहां जमा हो गए थे। कुणाल को समझाने और बचाने की कोशिश के कुछ दृश्य वीडियो में भी रिकॉर्ड हुए हैं।
एक विवाद ने खत्म कर दिया पूरा परिवार
एक iPhone की खरीद और उसकी EMI को लेकर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद कुछ ही घंटों में इतनी बड़ी त्रासदी में बदल गया कि एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई। कुणाल, उसके पिता मुरलीधर और मां संगीता की मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
पुलिस फिलहाल इस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और घटना से जुड़ी परिस्थितियों को लेकर आगे की जानकारी जुटाई जा रही है।