औरंगाबाद में दर्दनाक सड़क हादसा, स्कॉर्पियो-बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौत

तेज रफ्तार ने छीनी दो युवकों की जिंदगी

Rashmi Tiwari

औरंगाबाद जिले के दाउदनगर थाना क्षेत्र में एनएच-139 पर अकबरपुर गांव के समीप सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और बाइक की आमने-सामने की जोरदार टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि दोनों गांवों में मातम का माहौल है।


मौके पर ही गई दोनों युवकों की जान
मृतकों की पहचान राजकुमार बिगहा निवासी सोनू कुमार और साहिल कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक बाइक से किसी काम से दाउदनगर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अकबरपुर गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।


टक्कर के बाद मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। घटना के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी और भीड़ का माहौल बन गया।
पुलिस जांच में जुटी
हादसे की सूचना मिलते ही दाउदनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। वहीं हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। औरंगाबाद से रूपेश पत्रकार की रिपोर्ट

Share This Article