NEWS PR डेस्क : लोक जनशक्ति पार्टी के संस्थापक और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय रामविलास पासवान की पुण्यतिथि पर पटना में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। सगुना मोड़ स्थित पटना जिला लोजपा कार्यालय में जिलाध्यक्ष चंदन यादव की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रामविलास पासवान के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया।
कार्यक्रम में मंत्री रामकृपाल यादव भी शामिल हुए। उन्होंने रामविलास पासवान के राजनीतिक और सामाजिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा गरीब, दबे-कुचले और वंचित वर्गों के लिए काम किया। रामकृपाल यादव ने उन्हें ‘देश के दूसरे अंबेडकर’ के रूप में याद किया।
कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान लोजपा कार्यकर्ताओं ने रामविलास पासवान के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया। नेताओं ने कहा कि रामविलास पासवान का सार्वजनिक जीवन सामाजिक न्याय और कमजोर वर्गों की आवाज उठाने के लिए समर्पित रहा।
चंदन यादव ने गिनाया योगदान
लोजपा जिलाध्यक्ष चंदन यादव ने कहा कि रामविलास पासवान ने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में देश के छह प्रधानमंत्रियों के साथ काम किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार में उन्हें जो भी जिम्मेदारी मिली, उन्होंने उसका निर्वहन ईमानदारी से किया और गरीबों तथा जरूरतमंदों के हित में काम करने को प्राथमिकता दी।चंदन यादव ने कहा कि रामविलास पासवान ने छोटे-बड़े कार्यकर्ताओं के बीच कभी भेदभाव नहीं किया। उनका सभी कार्यकर्ताओं से जुड़ाव रहा और यही वजह है कि आज भी पार्टी कार्यकर्ता उन्हें सम्मान और भावनाओं के साथ याद करते हैं। पटना में आयोजित इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे और उन्होंने दिवंगत नेता को नमन किया। पटना से पशुपतिनाथ शर्मा की रिपोर्ट
पटना में रामविलास पासवान को श्रद्धांजलि, रामकृपाल यादव बोले- ‘देश के दूसरे अंबेडकर’