कटिहार में नौकरी का झांसा देकर युवती को अपने किराये के मकान में ले जाकर दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में पुलिस ने दो रेलवे लोको पायलट को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी चंदन कुमार के साथ उसके सहयोगी विनय कुमार दास को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल 22 सितंबर को घर से नाराज होकर कटिहार रेलवे स्टेशन पहुंची युवती की मुलाकात असिस्टेंट लोको पायलट चंदन कुमार से हुई थी। आरोप है कि चंदन ने युवती को नौकरी दिलाने का झांसा दिया और उसे सहायक थाना क्षेत्र के बरमसिया स्थित अपने किराये के मकान पर ले गया। आरोप है कि वहीं युवती के साथ दुष्कर्म किया गया। पीड़िता ने 28 सितंबर को महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई थी।
इसके बाद कटिहार पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू की।
डीएसपी आसिफ आलम ने बताया कि मामला दर्ज होने के करीब 12 घंटे के अंदर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी चंदन कुमार ने युवती के साथ दुष्कर्म करने की बात स्वीकार की है। वहीं विनय कुमार दास पर घटना में सहयोग करने का आरोप है। दोनों आरोपी कटिहार रेल मंडल में लोको पायलट के पद पर कार्यरत बताए जा रहे हैं।
इस घटना को लेकर पिछले 24 घंटे से रेल महकमे और स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज थी। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
कटिहार से रतन कुमार की रिपोर्ट;-