NEWS PR डेस्क: पश्चिम चंपारण जिले के बगहा अंतर्गत चौतरवा थाना क्षेत्र के चौबरिया गांव वार्ड संख्या-11 में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में दो सगे भाइयों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।

जानकारी के अनुसार, चौबरिया गांव निवासी भिखारी साह गोड़ के पुत्र नन्हू साह गोड़ (30) और सन्नू साह गोड़ (28) सिसवा में अपने नए घर का निर्माण कार्य कर रहे थे। इसी दौरान बीम में लगी लोहे की छड़ सीधी करने के क्रम में वह ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई। बताया जाता है कि सबसे पहले सन्नू साह गोड़ करंट की चपेट में आ गए। उन्हें बचाने के लिए बड़े भाई नन्हू साह गोड़ दौड़े, लेकिन वे भी तेज करंट की चपेट में आ गए। देखते ही देखते दोनों गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना के बाद परिजन आनन-फानन में दोनों को बगहा अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया। हालांकि, रास्ते में ही दोनों भाइयों ने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए। इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट
