NEWS PR डेस्क: गंडक नदी के जलस्तर को लेकर जल संसाधन विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। विभाग के अनुसार, 26 अगस्त 2026 की रात 11 बजे गंडक नदी का जलस्तर 1,50,200 क्यूसेक के पीक स्तर पर पहुंचा था। इसके बाद जलस्तर में लगातार कमी दर्ज की गई।

हालांकि, देवघाट क्षेत्र में देर से हुई बारिश के कारण गंडक नदी के जलस्तर में एक बार फिर वृद्धि दर्ज की जा रही है। वर्तमान स्थिति में तटबंधों पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव सामने नहीं आया है।
लगातार की जा रही मॉनिटरिंग
जल संसाधन विभाग की टीमें गंडक नदी के जलस्तर और तटबंधों की स्थिति की लगातार निगरानी कर रही हैं। विभाग की ओर से सभी आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए संभावित बाढ़ की स्थिति पर सतत नजर रखी जा रही है।
गंगा नदी का जलस्तर घट रहा
वहीं, गंगा नदी का जलस्तर फिलहाल घटते रुझान (Decreasing Trend) में है। हालांकि, कुछ स्थानों पर जलस्तर में 1–2 सेंटीमीटर तक मामूली वृद्धि दर्ज की जा सकती है।जल संसाधन विभाग ने कहा है कि बाढ़ सुरक्षा को लेकर विभाग पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद है। नदी के जलस्तर, तटबंधों और संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है ताकि किसी भी संभावित स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।