पश्चिम चंपारण से रिपोर्टर: मोहम्मद इम्तिआज़पश्चिम चंपारण से रिपोर्टर: मोहम्मद इम्तिआज़ पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया से बड़ी खबर सामने आई है। मैनाटांड़ के पुरुषोत्तमपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह इनरवा से बेतिया जा रही शिवदानी बस पेट्रोल पंप के पास अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई हालांकि, गनीमत रही कि दुर्घटना में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ और सभी यात्री बाल-बाल बच गए।
पेट्रोल पंप के पास अचानक अनियंत्रित हुई बस
जानकारी के अनुसार, शिवदानी बस मंगलवार की सुबह करीब 7 बजे इनरवा से बेतिया के लिए रवाना हुई थी। पुरुषोत्तमपुर थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप के पास पहुंचते ही बस अचानक अनियंत्रित हो गई। इसके बाद बस सड़क किनारे खेत में जाकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में दहशत फैल गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यात्रियों को निकाला
घटना की सूचना मिलते ही पुरुषोत्तमपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में कुछ यात्रियों को चोटें आईं, जिन्हें पुलिस की मदद से नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। वहां उनका इलाज कराया गया।

थानाध्यक्ष ने बताया, बड़े नुकसान की सूचना नहीं
पुरुषोत्तमपुर थानाध्यक्ष कमलेश भगत ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंच गई थी। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। उन्होंने बताया कि हादसे में किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।
लगातार हो रहे हादसों से यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल
स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में बस पलटने की यह पहली घटना नहीं है। कुछ सप्ताह पहले पकुहवा गांव के पास भी एक बस पोखर में पलट गई थी। लगातार हो रही दुर्घटनाओं से यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने बसों की फिटनेस जांच और यातायात नियमों के पालन को लेकर सख्ती की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क पर चलने वाली बसों की नियमित जांच होनी चाहिए, ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
पश्चिम चंपारण से रिपोर्टर: मोहम्मद इम्तिआज़