NEWS PR डेस्क:“जहां मरीजों की सुरक्षा के लिए महिला सुरक्षाकर्मी तैनात हों, वहां अगर वही असुरक्षित महसूस करें तो सवाल पूरे सिस्टम पर उठता है…” इसी भावना के बीच मोतिहारी जिले के पताही प्रखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है।

क्या है पूरा मामला
CHC परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब ड्यूटी पर तैनात एक महिला सुरक्षा गार्ड ने कथित छेड़खानी का कड़ा विरोध करते हुए एक युवक की सरेआम चप्पलों और लात-घूंसों से पिटाई कर दी। यह पूरा घटनाक्रम किसी व्यक्ति द्वारा रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया, जिसके बाद मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है।
कौन है आरोपी युवक
पीड़ित युवक की पहचान अस्पताल में संविदा पर कार्यरत एम्बुलेंस सहायक शुभम कुमार के रूप में की गई है। आरोप है कि वह अस्पताल परिसर में तैनात महिला कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार और फब्तियां कसता था। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यह पहला मामला नहीं है। आरोप है कि शुभम कुमार पहले भी एक आशा कार्यकर्ता के साथ छेड़खानी के आरोप में पकड़ा जा चुका है, लेकिन उस समय कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई थी।
घटना के बाद का माहौल
गुरुवार को कथित बदतमीजी बढ़ने पर महिला सुरक्षा गार्ड ने कड़ा रुख अपनाते हुए उसे मौके पर ही सबक सिखाया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। हालांकि, अब तक किसी भी पक्ष द्वारा थाने में लिखित शिकायत दिए जाने की पुष्टि नहीं हुई है।
स्थानीय लोगों और स्वास्थ्य कर्मियों ने मामले को गंभीर बताते हुए सवाल उठाए हैं कि पूर्व शिकायतों पर कार्रवाई न होने के कारण ही स्थिति इतनी बिगड़ी। लोगों ने सिविल सर्जन से तत्काल हस्तक्षेप कर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मोतिहारी से संतोष राउत की रिपोर्ट
