घरेलू विवाद ने ली मासूमों की जान, मां ने बचाई अपनी जिंदगी

पारिवारिक विवाद का खौफनाक अंत, पूरे इलाके में शोक

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : पश्चिम चंपारण जिले के चनपटिया थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद के बीच तीन मासूम बच्चों की नहर में डूबने से मौत हो गई। इस घटना में बच्चों की मां किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रही। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है।


घटना का पूरा विवरण
मिली जानकारी के अनुसार, कुमारबाग थाना क्षेत्र के भंगहा गांव निवासी राजमिस्त्री रामबाबू यादव पर अपनी पत्नी और तीन छोटे बच्चों को नहर में फेंकने का गंभीर आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच पिछले कुछ दिनों से घरेलू विवाद चल रहा था। मंगलवार तड़के करीब 3 बजे आरोपी अपनी पत्नी ललिता देवी (35) और तीनों बच्चों को यह कहकर बाइक से घर से निकला कि वह उन्हें उनके मायके छोड़ने जा रहा है।
नहर किनारे हुई वारदात
रास्ते में मझौलिया थाना क्षेत्र के बिरवा गांव के पास लोहियरिया चौक स्थित नहर के पास पहुंचने पर आरोप है कि आरोपी ने पहले तीनों बच्चों और फिर पत्नी को नहर में धक्का दे दिया। इस दर्दनाक घटना में तीनों बच्चों की डूबने से मौत हो गई, जबकि ललिता देवी किसी तरह संघर्ष करते हुए अपनी जान बचाने में सफल रहीं।
मां की सूझबूझ से बची जान
नहर से बाहर निकलने के बाद ललिता देवी किसी तरह अपने मायके बारवा-बिरवा गांव पहुंचीं और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। तलाशी अभियान के दौरान छवरहिया गांव के पास नहर से तीनों बच्चों के शव बरामद किए गए। चनपटिया थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेजा गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजन गहरे सदमे में हैं और ग्रामीण आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट

Share This Article