NEWS PR डेस्क: भागलपुर में रेलवे स्टेशन से तीन बच्चों को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के मामले में पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान आदमपुर, जोगसर थाना क्षेत्र निवासी रिंकी कुमारी के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में दो बच्चियों को सकुशल बरामद कर लिया है, जबकि तीसरे बच्चे की तलाश और मामले की जांच जारी है।
काम दिलाने का झांसा देकर बच्चों को ले गई थी महिला
जानकारी के अनुसार, 9 सितंबर की रात गोड्डा जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित रुपियामा गांव निवासी संचो देवी, पति सूरज कुमार, अपने तीन बच्चों के साथ भागलपुर स्टेशन पहुंची थीं। ट्रेन छूट जाने के कारण वह बच्चों के साथ स्टेशन पर ही रुक गईं। अगले दिन सुबह एक अज्ञात महिला उनके पास पहुंची और काम दिलाने का भरोसा देकर अपने साथ चलने के लिए कहा।
महिला की बातों पर भरोसा करते हुए संचो देवी अपने तीनों बच्चों के साथ उसके साथ चली गईं। आरोपी महिला सभी बच्चों को टोटो से बरारी सब्जी मंडी ले गई। वहां उसने कमरा किराए पर लेने की बात कही और इसके लिए एडवांस पैसे की मांग की।

इसके बाद संचो देवी अपने एक बच्चे को साथ लेकर सीएसपी से रुपये निकालने चली गईं। जब वह पैसे लेकर वापस लौटीं, तब तक आरोपी महिला दो बच्चों को लेकर वहां से फरार हो चुकी थी। घटना के बाद पीड़िता ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
तकनीकी साक्ष्य और CCTV के आधार पर पुलिस ने की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए बरारी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई और बच्चों की बरामदगी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्य, मानवीय सूचना और CCTV फुटेज के आधार पर जांच शुरू की।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान एक बच्ची को गोड्डा जिले से और दूसरी बच्ची को भागलपुर के मोजाहिदपुर थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी रिंकी कुमारी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब गिरफ्तार महिला से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बच्चों को अपने साथ ले जाने के पीछे उसका वास्तविक उद्देश्य क्या था और इस घटना में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं।
भागलपुर से रिपोर्टर: श्यामानंद सिंह