NEWS PR डेस्क : सुपौल सदर प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में नल-जल योजना की बदहाल स्थिति को लेकर युवा कांग्रेस ने आवाज उठाई है। बिहार प्रदेश युवा कांग्रेस के सचिव लक्ष्मण कुमार झा ने संबंधित पीएचईडी विभाग के स्कूटी इंजीनियर को ज्ञापन सौंपकर नल-जल योजना की व्यवस्था को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की। उन्होंने विभाग को चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आम लोगों की परेशानी को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा।
कई पंचायतों में नल-जल योजना की स्थिति खराब
ज्ञापन में बताया गया है कि सदर प्रखंड की बरूआरी, परसरमा-परसौनी, गोठ बरूआरी, बलहा, बेरो और एकमा पंचायत समेत प्रखंड की सभी पंचायतों में नल-जल योजना की स्थिति काफी खराब है। कई वार्डों में पाइपलाइन, नल, मोटर और योजना से जुड़े अन्य जरूरी उपकरण लंबे समय से खराब पड़े हैं। उपकरणों की खराबी के कारण ग्रामीणों को नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल नहीं मिल पा रहा है। लोगों को पानी के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

समय पर मरम्मत नहीं होने से लोगों को नहीं मिल रहा लाभ
लक्ष्मण कुमार झा ने कहा कि सरकार की नल-जल योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण इलाकों में लोगों के घरों तक नियमित और स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है। लेकिन कई जगहों पर विभागीय स्तर से उचित देखरेख और समय पर मरम्मत नहीं होने के कारण योजना का पूरा लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने विभाग से सदर प्रखंड की सभी पंचायतों के प्रत्येक वार्ड में नल-जल योजना की स्थलीय जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जांच के दौरान जहां भी पाइपलाइन, मोटर, नल या अन्य उपकरण खराब मिलें, वहां तत्काल मरम्मत कराई जाए और लोगों को नियमित पेयजल उपलब्ध कराया जाए।
एक सप्ताह में समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन
युवा कांग्रेस नेता ने कहा कि ग्रामीणों को मूलभूत सुविधा से वंचित रखना उचित नहीं है। विभाग को इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि ज्ञापन सौंपे जाने के एक सप्ताह के अंदर यदि नल-जल योजना से जुड़ी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आम जनता के हित में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी।
सुपौल से रिपोर्टर : अल्ताफ राजा