NEWS PR डेस्क ;—- घटना रविवार की बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद युवक के शव को नदी से बाहर निकाला।
मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के इस्लामपुर निवासी उमेश प्रसाद यादव के रूप में हुई है। बताया जाता है कि उमेश प्रसाद यादव रविवार को फल्गु नदी के रबर डैम के पास स्नान करने पहुंचे थे। स्नान करने के दौरान वह नदी के किनारे गहरे पानी की ओर चले गए। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह पानी के तेज बहाव एवं गहराई में चले गए।
घंटों की मशक्कत के बाद मिला शव
युवक के नदी में डूबने की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और घटना की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद SDRF की टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया और घंटों की मशक्कत के बाद उमेश प्रसाद यादव का शव बरामद कर लिया।
शव मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, नदी और रबर डैम के आसपास स्नान के दौरान सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। गहरे पानी का अंदाजा नहीं होने के कारण कई बार लोग हादसे का शिकार हो जाते हैं। पुलिस और प्रशासन की ओर से भी लोगों से नदी में स्नान करते समय सतर्क रहने की अपील की जाती रही है।
गया आशिस कुमार की रिपोर्ट;—-