नालंदा में थानेदार की शर्मनाक हरकत: महिला को बाल पकड़कर पीटा

Puja Srivastav

NEWS PR डेस्क : नालंदा जिले से थानेदार की दबंगई की खबर सामने आई है। पुलिस की टीम आरोपी को गिरफ्तार करने घर पहुंची थी, लेकिन घर में मौजूद महिलाओं ने इसका विरोध किया। इसी दौरान थानेदार ने आपत्तिजनक तरीके से प्रतिक्रिया दी और विवाद की घटना घटी।

जिस खाकी वर्दी को सुरक्षा, सम्मान और भरोसे का प्रतीक माना जाता है, उसी ने नालंदा में अपनी मर्यादा तार-तार कर दी। थरथरी थाना क्षेत्र से सामने आए एक वायरल वीडियो में एक पुलिस अधिकारी महिला का बाल पकड़कर उसे थप्पड़ मारते नजर आ रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि घटना के समय मौके पर महिला पुलिसकर्मी भी मौजूद थी, लेकिन इससे थानाध्यक्ष ने खुद को नहीं रोका। वीडियो में दिख रहे थरथरी थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंघानिया हैं, हालांकि एनबीटी ऑनलाइन इसकी पुष्टि नहीं करता।

जानकारी के मुताबिक, न्यायालय के आदेश पर गिरफ्तारी के दौरान जब परिजनों और महिलाओं ने विरोध किया, तो स्थिति संभालने की जिम्मेदारी महिला पुलिसकर्मी को सौंपी जानी चाहिए थी। नियम यह स्पष्ट करते हैं कि महिलाओं से जुड़े मामलों में पुरुष पुलिसकर्मी संयम बरतेंगे और महिला बल को आगे किया जाएगा। लेकिन वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि थानाध्यक्ष ने न सिर्फ नियमों की अवहेलना की, बल्कि महिला सम्मान को खुलेआम कुचल दिया।

वीडियो में महिला पूरी तरह बेबस नजर आ रही है, जबकि थानाध्यक्ष वर्दी की ताकत दिखाते हुए मारपीट कर रहे हैं। यह घटना बिहार में महिला सशक्तिकरण और सुशासन के दावों पर सीधे सवाल उठाती है। जिस राज्य में सरकार महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा की बात करती है, वहां पुलिस अधिकारी खुद महिलाओं पर हाथ उठाएं, यह व्यवस्था पर करारा तमाचा है। थाना प्रभारी ने अपनी सफाई में कहा कि वह न्यायालय के आदेश के तहत आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंचे थे। गिरफ्तारी के बाद घर में मौजूद महिलाओं ने विरोध किया और आरोपी को छुड़ाने का प्रयास किया। पुलिसकर्मी महिलाओं को हटाने की कोशिश कर रहे थे।

लेकिन सवाल उठता है कि क्या किसी भी परिस्थिति में महिला पर हाथ उठाना उचित हो सकता है? खासकर जब मौके पर महिला पुलिसकर्मी मौजूद थी, तब पुरुष अधिकारी द्वारा मारपीट की क्या आवश्यकता थी?

इस घटना का वीडियो वायरल होते ही इलाके में आक्रोश फैल गया। लोग दोषी थानाध्यक्ष के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Share This Article