NEWS PR डेस्क: एक्टर राजपाल यादव इन दिनों 10 साल पुराने चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल में बंद हैं। इस बीच सोशल मीडिया पर उनके करीबी दोस्त और अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी को ट्रोल किया जाने लगा। कुछ यूजर्स ने आरोप लगाया कि नवाज ने मुश्किल वक्त में राजपाल का साथ नहीं दिया।
हालांकि, नवाजुद्दीन के करीबी सूत्र ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा है कि अभिनेता ने हमेशा अपनी दोस्ती निभाई है। सूत्र के मुताबिक, नवाज ने पहले भी राजपाल की आर्थिक मदद की है और इस बार भी चुपचाप सहयोग किया है। बताया गया कि इससे पहले उन्होंने करीब 10 लाख रुपये की सहायता दी थी। नवाज ऐसे कामों का प्रचार नहीं करते और निजी तौर पर मदद करना पसंद करते हैं।
गौरतलब है कि राजपाल यादव कई इंटरव्यू में नवाजुद्दीन के साथ अपनी दोस्ती का जिक्र कर चुके हैं। एक पुराने इंटरव्यू में नवाज ने भी राजपाल की दरियादिली की सराहना करते हुए कहा था कि संघर्ष के दिनों में राजपाल का घर कलाकारों के लिए लंगर जैसा था, जहां कोई भी आकर खाना खा सकता था। उन्होंने राजपाल को संवेदनशील और उदार इंसान बताया था।
राजपाल यादव ने हाल ही में 10 साल पुराने चेक बाउंस मामले में सरेंडर किया है। उनकी मदद के लिए अभिनेता सोनू सूद और गुरमीत चौधरी ने अपील की है। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने भी फिल्म इंडस्ट्री से उनके समर्थन में आगे आने की बात कही है।
इसके अलावा म्यूजिक प्रोड्यूसर राव इंदरजीत सिंह यादव ने 1.11 करोड़ रुपये देने की घोषणा की है, जबकि नेता तेज प्रताप यादव ने 11 लाख रुपये की सहायता का ऐलान किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अजय देवगन और सलमान खान भी मदद के लिए आगे आए हैं।
ऐसे में माना जा रहा है कि इंडस्ट्री के समर्थन से राजपाल यादव की कानूनी और आर्थिक परेशानियां जल्द कम हो सकती हैं।