बिहार: शूट पहनकर गर्लफ्रेंड से मिलने पहुंचा युवक, चोर समझ लोगों ने कर दी कुटाई

Asha Rai
युवक अपनी पहचान छिपाने के लिए लड़की का भेष बनाकर प्रेमिका से मिलने पहुंचा था।
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: दरभंगा जिले से प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां प्रेमिका से मिलने उसके गांव पहुंचे एक युवक को ग्रामीणों ने बच्चा चोर समझ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। युवक अपनी पहचान छिपाने के लिए लड़की का भेष बनाकर प्रेमिका से मिलने पहुंचा था। यह घटना बहेड़ी थाना क्षेत्र के मोटगाह गांव की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, युवक की पहचान बिरौल थाना क्षेत्र के रामनगर-सुपौल बाजार निवासी साहिल खान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि साहिल गुरुवार रात अपनी प्रेमिका से मिलने उसके गांव मोटगाह पहुंचा था। पहचान छिपाने के लिए उसने लड़की के कपड़े पहन रखे थे, ताकि किसी को उस पर शक न हो।

इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने उसे संदिग्ध हालत में घूमते देखा और उससे पूछताछ शुरू की। युवक संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया, जिससे ग्रामीणों को उस पर शक हुआ। देखते ही देखते अफवाह फैल गई कि वह बच्चा चोर है, जिसके बाद कुछ लोगों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

सूचना मिलते ही बहेड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ से बचाकर अपने कब्जे में लिया। घायल युवक को इलाज के लिए नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। बाद में सूचना मिलने पर युवक के परिजन थाने पहुंचे, जिसके बाद पुलिस ने उसे परिजनों के हवाले कर दिया।

पुलिस पूछताछ में युवक ने बताया कि उसकी दोस्ती सोशल मीडिया के जरिए एक लड़की से हुई थी, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। वह उसी से मिलने के लिए लड़की का भेष बनाकर गांव पहुंचा था, लेकिन ग्रामीणों ने उसे पहचान लिया और बच्चा चोर समझकर हमला कर दिया।

बहेड़ी थानाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता ने बताया कि इस मामले में अब तक किसी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल युवक सुरक्षित है और उसे उसके परिजनों को सौंप दिया गया है।

फिलहाल यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और प्रेम प्रसंग में युवक का लड़की बनकर पहुंचना लोगों के बीच हैरानी का कारण बन गया है।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article