गया-पटना मार्ग पर जाम से मिलेगी राहत, बागेश्वरी गुमटी पर रेल ओवर ब्रिज का निर्माण इसी माह से होगा शुरू

Amit Singh

NEWS PR डेस्क गया-पटना रोड पर रोजाना लगने वाले जाम से परेशान लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। बागेश्वरी गुमटी पर प्रस्तावित रेल ओवर ब्रिज (आरओबी) का निर्माण कार्य इसी महीने शुरू होने जा रहा है। स्थानीय विधायक डॉ. प्रेम कुमार ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर साफ निर्देश दिया कि परियोजना में किसी प्रकार की देरी न हो और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाए।

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि आरओबी निर्माण से पहले भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तैयार करना अनिवार्य होगा। इस पर विधायक ने जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि ऐसा डायवर्जन प्लान बनाया जाए जिससे ट्रक और अन्य बड़े वाहनों की आवाजाही सुचारु रहे और आम लोगों को असुविधा न हो।

इस परियोजना को गति उस समय मिली जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा के दौरान जाम की समस्या प्रमुखता से उठाई गई थी। मुख्यमंत्री ने प्रस्ताव को स्वीकृति देते हुए शिलान्यास किया था, जिसके बाद संबंधित विभाग ने प्रक्रिया तेज कर दी।

आरओबी निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई भी आगे बढ़ चुकी है। कुल 228 प्लॉट चिन्हित किए गए हैं और इसका गजट प्रकाशित हो चुका है। प्रभावित जमीन मालिकों को 60 दिनों के भीतर आवश्यक दस्तावेजों के साथ दावा प्रस्तुत करना होगा, तभी मुआवजा प्रदान किया जाएगा।

चिन्हित भूमि में जिला परिषद, नगर निगम, बिहार सरकार और निजी व्यक्तियों की जमीन शामिल है। अधिकारियों का दावा है कि पुल निर्माण पूरा होने के बाद बागेश्वरी गुमटी और गया-पटना मार्ग पर लगने वाले जाम से स्थायी समाधान मिल जाएगा, जिससे हजारों यात्रियों को रोजाना राहत मिलेगी।

Share This Article