दिल्ली से दरभंगा जा रही AC स्लीपर बस ट्रेलर से टकराई, 4 यात्रियों की मौत; 3 की हालत गंभीर

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : दिल्ली से दरभंगा जा रही एक AC स्लीपर बस शुक्रवार तड़के गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसे का शिकार हो गई। अंबेडकरनगर के जैतपुर थाना क्षेत्र में अम्बरपुर टोल प्लाजा के पास बस आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने के दौरान ट्रेलर से जा भिड़ी। हादसे में चार यात्रियों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त बस में सवार अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। अचानक जोरदार टक्कर के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। करीब 40 फीट लंबी बस का बायां हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हिस्से में बैठे कई यात्री बस में फंस गए।

ओवरटेक करते समय ट्रेलर से भिड़ी बस
जानकारी के मुताबिक, बस ‘तिघरा एक्सप्रेस’ ट्रैवल की थी और दिल्ली से दरभंगा जा रही थी। शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे जैतपुर थाना क्षेत्र में अम्बरपुर टोल प्लाजा के पास बस आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक कर रही थी। इसी दौरान वह ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का बायां हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर बस का मलबा बिखर गया और कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
गैस कटर से निकाले गए फंसे यात्री
हादसे की सूचना मिलते ही जैतपुर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने भी राहत और बचाव कार्य में मदद की। बस के क्षतिग्रस्त हिस्से में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल किया गया। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल और सद्दरपुर स्थित मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा। तीनों घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और चिकित्सक उनकी लगातार निगरानी कर रहे हैं।
चार यात्रियों की मौत, एक की पहचान
हादसे में जान गंवाने वाले चार यात्रियों में से एक की पहचान सचिन कुमार (30) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सचिन बिहार के रहने वाले थे। तीन अन्य मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी शिनाख्त में जुटी है और मृतकों के परिजनों तक सूचना पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। घायलों की पहचान सुमित मिश्रा (33), सुमित आनंद (40) और रिंकू कुमारी (45) के रूप में हुई है। तीनों दरभंगा, बिहार के निवासी बताए जा रहे हैं। गंभीर स्थिति के चलते उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
चालक को झपकी आने की आशंका, जांच जारी
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस ओवरटेक करने के दौरान ट्रेलर से टकराई। ASP डॉ. तेजवीर सिंह के अनुसार, चालक को झपकी आने की आशंका भी जताई गई है। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Share This Article