NEWS PR डेस्क: होली के मद्देनज़र घर लौटने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR) ने बढ़ती भीड़ को देखते हुए चार जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के संचालन का ऐलान किया है। इन ट्रेनों के चलने से बिहार के साथ-साथ असम, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और पंजाब जाने-आने वाले यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलने में सहूलियत होगी।
मुख्य जनसंपर्क पदाधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि होली के समय यात्रियों की संख्या में भारी इजाफा होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए 17 फरवरी से मार्च अंत तक विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर फेरों की संख्या भी बढ़ाई जा सकती है।
कटिहार-अमृतसर स्पेशल (05736/05735)
यह स्पेशल ट्रेन 18 फरवरी से 25 फरवरी तक कटिहार से हर बुधवार रात 9 बजे रवाना होगी। वापसी में अमृतसर से यह ट्रेन हर शुक्रवार चलेगी। रिटर्न सेवा 20 फरवरी से 27 मार्च तक संचालित रहेगी। इस सेवा से बिहार और पंजाब के बीच यात्रा आसान होगी।
डिब्रूगढ़–कोलकाता स्पेशल (05932/05931)
असम और पश्चिम बंगाल के यात्रियों के लिए यह ट्रेन बड़ी राहत साबित होगी। डिब्रूगढ़ से हर शनिवार को और कोलकाता से हर सोमवार को इसका संचालन होगा। मांग बढ़ने पर अतिरिक्त फेरे चलाए जा सकते हैं।
डिब्रूगढ़–झंझारपुर स्पेशल (05974/05973)
यह ट्रेन 17 फरवरी से 31 मार्च तक डिब्रूगढ़ से और 18 फरवरी से 1 अप्रैल तक झंझारपुर से चलाई जाएगी। हर मंगलवार और बुधवार को इसका परिचालन होगा। खास बात यह है कि यह स्पेशल ट्रेन नए गलगलिया–अररिया रेलखंड से होकर गुजरेगी, जिससे सीमांचल क्षेत्र के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
नारंगी–गोरखपुर स्पेशल (05633/05634)
यह ट्रेन 19 फरवरी से 26 मार्च तक नारंगी से हर गुरुवार और वापसी में 20 फरवरी से 27 मार्च तक गोरखपुर से हर शुक्रवार चलेगी। इससे पूर्वोत्तर और पूर्वी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि होली के दौरान यात्रियों को भीड़ और वेटिंग की समस्या से राहत देने के लिए ये विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते टिकट बुक करा लें और आधिकारिक रेलवे वेबसाइट या अधिकृत काउंटर से ही जानकारी प्राप्त करें।